वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र सेवा का संकल्प, नारों से गुंजायमान हुआ कार्यालय परिसर
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़ | 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मनेंद्रगढ़ वन मंडलाधिकारी कार्यालय में राष्ट्रीय पर्व पूरी गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह में वन मंडलाधिकारी (DFO) एवं वरिष्ठ आईएफएस अधिकारी मनीष कश्यप ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान वन विभाग के अमले में राष्ट्र के प्रति अनूठा जोश देखा गया और पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ तथा ‘गणतंत्र दिवस अमर रहे’ के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा।

पर्यावरण की रक्षा ही राष्ट्र की सच्ची सेवा: डीएफओ मनीष कश्यप

ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डीएफओ मनीष कश्यप ने गणतंत्र के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने संबोधन में कहा—
“गणतंत्र दिवस हमें हमारे अधिकारों के साथ उन कर्तव्यों की भी याद दिलाता है, जो हमें इस प्रकृति और राष्ट्र के प्रति निभाने हैं। एक वन कर्मी के रूप में हमारी सबसे बड़ी देशभक्ति हमारे वनों और वन्यजीवों की रक्षा करना है। आइए, इस गणतंत्र दिवस पर हम संकल्प लें कि हम अपनी प्राकृतिक संपदा को अक्षुण्ण रखते हुए एक हरित और समृद्ध भारत के निर्माण में अपनी भूमिका पूरी निष्ठा से निभाएंगे।”
एकता और अनुशासन का दिखा संगम
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के विभिन्न स्तर के अधिकारी, वन परिक्षेत्राधिकारी और मैदानी कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और एक-दूसरे को राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के उपरांत कार्यालय में मिष्ठान वितरण किया गया, जिसने उत्सव की मिठास को और बढ़ा दिया।
About The Author










































