खबर प्रकाशन के कुछ ही घंटों बाद प्रशासन ने चलाया हंटर, जनपद सीईओ ने जिंदरसाय सोनवानी को पद से किया पृथक
नई पहल न्यूज नेटवर्क। सोनहत/कोरिया। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति ‘नाचा’ को अश्लीलता की भेंट चढ़ाने वालों के खिलाफ ‘नई पहल’ की खबर का बड़ा असर हुआ है। कोरिया जिले के सोनहत ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत पोड़ी के स्कूल परिसर में मर्यादाएं तार-तार करने वाले रोजगार सहायक जिंदरसाय सोनवानी को प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

‘नई पहल’ ने उजागर किया था सच
उल्लेखनीय है कि आज ही ‘नई पहल’ ने “गरियाबंद और सूरजपुर के बाद अब कोरिया में अश्लील डांस, स्कूल परिसर में मर्यादा भूला ‘तंत्र’, रोजगार सहायक ने उड़ाए नोट” शीर्षक से इस शर्मनाक घटना को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर में इस बात का खुलासा किया गया था कि कैसे एक सरकारी कर्मचारी ने स्कूल जैसे पवित्र स्थान पर डांसरों पर नोट उड़ाकर पद की गरिमा को धूमिल किया। खबर के वायरल होते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में कार्रवाई की फाइल दौड़ने लगी।

जांच में सही पाए गए आरोप, थमाया बर्खास्तगी का आदेश
जनपद पंचायत सोनहत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया कि जिंदरसाय सोनवानी का कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-03 के तहत गंभीर कदाचरण की श्रेणी में आता है।
- दोषी पाया गया आचरण: वायरल वीडियो में रोजगार सहायक का कृत्य लोक सेवक की छवि खराब करने वाला पाया गया।
- नोटिस का जवाब रहा विफल: प्रशासन द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की गई।
- तत्काल बर्खास्तगी: छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम 2012 के तहत जिंदरसाय सोनवानी को रोजगार सहायक के पद से पृथक कर दिया गया है।
स्कूल परिसर में फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन पर हुई इस फूहड़ता के खिलाफ आवाज उठाने और दोषी को अंजाम तक पहुँचाने में ‘नई पहल’ की खबर ने उत्प्रेरक का काम किया। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम पर अश्लीलता परोसने और अनुशासनहीनता करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।







