पंच संघ का गठनः प्रेम सागर तिवारी बने अध्यक्ष, पंचों के अधिकार और मानदेय बढ़ाने की मांग

कोरिया। जनपद पंचायत सोनहत के सामुदायिक भवन में पंच संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में खण्ड स्तर की पंचायतों के पंच शामिल हुए।

बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। इनमें पंचों के अधिकार और मानदेय बढ़ाने का विषय प्रमुख रहा। ग्राम पंचायतों में बाहरी व्यक्तियों द्वारा दबाव बनाकर चलाई जा रही ठेकेदारी प्रथा को बंद करने की मांग रखी गई। साथ ही वार्डों में पानी और बिजली की समस्याओं के समाधान पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से पंच संघ के गठन का प्रस्ताव पारित किया गया। ग्राम पंचायत केशगवां के वार्ड पंच प्रेम सागर तिवारी को संघ का अध्यक्ष चुना गया। कन्हैया जायसवाल को उपाध्यक्ष और लव प्रताप सिंह को संयोजक बनाया गया।

नवनियुक्त अध्यक्ष प्रेम सागर तिवारी ने सभी पंचों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे संघ के अध्यक्ष की जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगे। साथ ही उन्होंने पंच संघ को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
About The Author










































