पूर्व विधायक का बड़ा आरोप : ‘क्षेत्र से नदारद रहने वाली विधायक दूसरों की उपलब्धियों पर लूट रही हैं वाहवाही
नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़। भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में उस वक्त बड़ा उबाल आ गया, जब पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने एक प्रेस वार्ता के माध्यम से वर्तमान विधायक और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। गुलाब कमरो ने दस्तावेजों का हवाला देते हुए कहा कि विधायक रेणुका सिंह, कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत द्वारा स्वीकृत कराए गए कार्यों को अपना बताकर झूठी वाहवाही लूट रही हैं।

सांसद के प्रयासों को अपना बता रही हैं विधायक: गुलाब कमरो

मनेंद्रगढ़ विश्राम गृह में आयोजित इस प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक ने क्षेत्र में स्वीकृत हुई सड़कों की विस्तृत सूची दिखाई। उन्होंने कहा, “भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र में विधायक रेणुका सिंह द्वारा कोई नया कार्य नहीं कराया गया है। वह केवल सांसद ज्योत्सना महंत और मेरे कार्यकाल के दौरान स्वीकृत हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के ₹154 करोड़ के कार्यों का श्रेय लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही हैं।”
आंकड़ों में विकास का सच
गुलाब कमरो ने प्रेस वार्ता में विकास कार्यों का जो ब्यौरा पेश किया, वह इस प्रकार है:
- कोरिया जिला (PMGSY/4): सांसद ज्योत्सना महंत की अनुशंसा पर 52 सड़कों का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें से 27 सड़कों को ₹147 करोड़ की स्वीकृति प्राप्त हुई।
- MCB जिला (PMGSY): कुल 70 सड़कों के प्रस्ताव में से 56 सड़कों को ₹236 करोड़ की भारी-भरकम स्वीकृति मिली है।
- MCB जिला (PM जनमन योजना): सांसद के प्रयासों से 55 सड़कों के लिए ₹179 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
विधायक की निष्क्रियता पर उठाए सवाल
गुलाब कमरो ने विधायक रेणुका सिंह पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें ‘निष्क्रिय विधायक’ करार दिया। उन्होंने कहा कि एक तरफ सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत क्षेत्र के विकास के लिए दृढ़संकल्पित हैं और लगातार सौगातें दे रही हैं, वहीं दूसरी तरफ क्षेत्रीय विधायक का विधानसभा से हमेशा नदारद रहना यह दर्शाता है कि उन्हें जनता की समस्याओं और विकास से कोई सरोकार नहीं है।
इस प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व विधायक के साथ पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष हाफिज मेमन, पार्षद स्वप्निल सिन्हा, विकास श्रीवास्तव और अरुण कटारे सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।
About The Author










































