उप क्षेत्रीय प्रबंधक और खान सुरक्षा अधिकारी रहे मौजूद, उत्खनन के सुरक्षा मापदंडों की ली एसपी ने बारीकी से जानकारी
नई पहल न्यूज नेटवर्क। चिरमिरी। एसईसीएल खदान क्षेत्र में हाल के महीनों में हुई दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए, जिला पुलिस कप्तान रत्ना सिंह ने चिरमिरी ओपन कास्ट माइन का सघन निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक महोदया ने खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और पुलिस विभाग तथा एसईसीएल प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान, पुलिस कप्तान ने चिरमिरी ओपन कास्ट माइन के दोनों आउटसोर्सिंग पैच और डिपार्टमेंटल पैच का गहन भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने उत्खनन कार्य में अपनाए जाने वाले सुरक्षा मापदंडों और सावधानियों की बारीकी से जानकारी ली और प्रबंधन को आवश्यक सुरक्षा निर्देश दिए।
सुरक्षा समीक्षा का उद्देश्य: दुर्घटनाओं पर अंकुश
पुलिस अधीक्षक महोदया के इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विगत कुछ महीनों से एसईसीएल चिरमिरी खान क्षेत्र में होने वाली दुर्घटनाओं के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना था। उन्होंने खदान प्रबंधन द्वारा अपनाई जाने वाली उत्खनन की कार्यप्रणाली को विस्तृत रूप से समझा। इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान, थाना प्रभारी चिरमिरी विजय सिंह, उप क्षेत्रीय प्रबंधक श्री मनीष कुमार सिंह, खान प्रबंधक जोष कुमार, खान सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार पाण्डेय, आउटसोर्सिंग इंचार्ज राजेंद्र, तथा कृष्णा इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर अनिल कुमार श्रीवास्तव एवं प्रभारी शिवानंद पटेल उपस्थित रहे। पुलिस कप्तान ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों और क्षेत्र की सुरक्षा सर्वोपरि है, जिसके लिए पुलिस और एसईसीएल प्रबंधन को मिलकर, तालमेल के साथ कार्य करना होगा।







