कर्तव्यनिष्ठा और अदम्य साहस का सम्मान, महिला थाना प्रभारी सुनीता भारद्वाज ने जीता उच्च अधिकारियों का दिल
नई पहल न्यूज नेटवर्क। अम्बिकापुर। कर्तव्यनिष्ठा और अदम्य साहस की एक मिसाल पेश करते हुए, महिला थाना प्रभारी सुनीता भारद्वाज को आज अंबिकापुर में कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें अमेरा कोल परियोजना के भूमि अधिग्रहण मामले के दौरान ग्रामीणों के पथराव के बीच भी अदम्य साहस, धैर्य और उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने के लिए दिया गया।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में, कलेक्टर विलास भोसकर ने सुनीता भारद्वाज की सराहना करते हुए कहा कि दिशा-निर्देश भले ही उच्च स्तर से आते हों, लेकिन वास्तविक क्रियान्वयन मैदान में तैनात अधिकारी ही करते हैं। उन्होंने जिस धैर्य, साहस और कुशलता से संवेदनशील परिस्थिति को संभाला, वह प्रशंसा योग्य है。
कलेक्टर ने किया सैल्यूट: साहस और निष्ठा की सराहना
कलेक्टर श्री विलास भोसकर ने सुश्री सुनीता भारद्वाज की कर्तव्यपरायणता को इतना सराहा कि उनके शब्दों में ‘सैल्यूट’ का भाव स्पष्ट झलक रहा था। उन्होंने कहा कि कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों को सम्मानित करना गर्व की बात है और यह अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने इस मौके पर कहा कि सुनीता भारद्वाज ने चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में जिस संयम, साहस और जिम्मेदारी का परिचय दिया, वह पुलिस विभाग के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके अदम्य साहस और कर्तव्यपरायणता का प्रतीक है।
सम्मान से मिली नई ऊर्जा
सम्मान प्राप्त करने के बाद सुश्री सुनीता भारद्वाज ने कहा कि जब कोई अपने दायित्व को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाता है और वरिष्ठों द्वारा उसे सराहा जाता है, तो सभी कठिनाइयां क्षणभर में छोटी प्रतीत होती हैं। उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी दृढ़ता के साथ कर्तव्य पालन की प्रेरणा देगा। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी सुनीता भारद्वाज को बधाई दी और उनके कार्य को प्रेरणादायक बताया।







