पंजाब की तरह छत्तीसगढ़ में 300 यूनिट बिजली पूरी तरह फ्री करे सरकार, AAP लोकसभा अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा का उग्र अल्टीमेटम
नई पहल न्यूज नेटवर्क। कोरबा। छत्तीसगढ़ में बिजली दरों को लेकर चल रहे विवाद ने अब सियासी तूफान का रूप ले लिया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर जनता को ‘हाफ बिजली बिल’ के नाम पर छलने और गुमराह करने का गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी के लोकसभा अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए दो टूक शब्दों में कहा कि सरकार का 200 यूनिट तक हाफ बिल करने का निर्णय जनता को राहत देने के बजाय धोखा देने का एक ‘षड्यंत्रकारी पैंतरा’ है। मिश्रा ने स्पष्ट मांग की कि प्रदेश सरकार को तत्काल प्रभाव से पंजाब की तरह छत्तीसगढ़ में भी 300 यूनिट तक की बिजली पूरी तरह फ्री करनी चाहिए।
हाफ के नाम पर जनता को ठगा !
आप नेता रमाशंकर मिश्रा ने भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती हाफ बिजली योजना में 400 यूनिट तक हाफ की सुविधा थी, जिसे पहले भाजपा सरकार ने कम करके 100 यूनिट किया और अब वापस 200 यूनिट तक हाफ करके जनता को यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि वे उन्हें राहत दे रहे हैं। मिश्रा ने कहा, “यह फैसला ऊँट के मुँह में जीरा के समान है। यह स्पष्ट करता है कि यह सरकार जनता विरोधी है और जनता को धोखा देने के लिए किसी भी हद तक गिरने को तैयार है।” उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में हुई बिजली दर वृद्धि और इसके खिलाफ आम आदमी पार्टी के प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलनों से घबराकर ही सरकार ने आनन-फानन में यह ‘छलावा’ किया है।
छत्तीसगढ़ ‘सरप्लस’ है, जनता का हक है फ्री बिजली
आप लोकसभा अध्यक्ष ने तर्क दिया कि जब छत्तीसगढ़ बिजली उत्पादन में सरप्लस (अधिशेष) प्रदेश है, तो यहाँ की जनता को बिजली के लिए संघर्ष क्यों करना पड़े? उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सेवाओं पर छत्तीसगढ़ की जनता का मौलिक अधिकार है। मिश्रा ने पंजाब सरकार के मॉडल का हवाला देते हुए बताया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार 300 यूनिट बिजली फ्री दे रही है, जिससे वहाँ की जनता सुखी और संतुष्ट है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार से मांग की कि वह जनता को छलने का काम बंद करे और जनता के हक की 300 यूनिट बिजली पूरी तरह फ्री करे।
आंदोलन जारी रहेगा: 300 यूनिट फ्री होने तक संघर्ष
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी बताया गया कि जब जुलाई 2025 में बिजली दर वृद्धि की घोषणा हुई थी, तब आम आदमी पार्टी ने 3 जुलाई 2025 और 4 नवंबर 2025 को पूरे प्रदेश में जिला मुख्यालयों पर विशाल धरना प्रदर्शन किया था। रमाशंकर मिश्रा ने चेतावनी दी कि पार्टी इस आंदोलन को आगे भी जारी रखेगी और जब तक छत्तीसगढ़ में 300 यूनिट बिजली फ्री नहीं हो जाती, आम आदमी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
About The Author














