

बलरामपुर। सनावल थाना क्षेत्र के लिब्रा गांव में रेत माफिया ने पुलिस आरक्षक शिवभजन सिंह की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। घटना बीती रात की है। यह घटना प्रदेश के मंत्री रामविचार नेताम के इलाके में हुई है।
पुलिस की पेट्रोलिंग टीम कन्हर नदी में अवैध रेत उत्खनन को रोकने पहुंची थी। माफिया रेत निकालकर झारखंड ले जा रहे थे। इससे पहले दो दिन पहले पुलिस तीन ट्रैक्टर जब्त कर थाने लाई थी।

मृतक आरक्षक धमनी गांव का रहने वाला था। पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर लिया है। आरक्षक के शव को पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज भेजा गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

लिब्रा घाट में बड़ी मात्रा में अवैध उत्खनन चल रहा है। पड़ोसी राज्य झारखंड से आकर यहां माफिया खनन को अंजाम दे रहे है। सुदूर जंगली गांव होने की वजह से प्रशासन को भी इसकी जानकारी नहीं हो पाती। ग्रामीण माफियाओं के डर से उन्हें कुछ नहीं कह पाते, इसलिए उन्होंने प्रशासन से शिकायत की थी। जिसके बाद कार्यवाही के लिए पहुंची टीम पर माफिया ने हमला कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी ले रही है। यह अभी जानकारी पूछी जा रही है कि किसकी शह पर कौन अवैध उत्खनन कर रहा था और कब से कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर मौके पर जाने के लिए निकल गए हैं।
About The Author










































