वनांचल में गूंजा जय श्री राम : विधायक ने पैर पखारकर किया स्वागत, कहा- प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने वालों के मंसूबे होंगे नाकाम
70 लोगों की वापसी के बाद अब 115 लोग अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े, पीएम जनमन और विकास योजनाओं से मिल रहा समाज को बल

नई पहल न्यूज नेटवर्क। पंडरिया। विधानसभा के वनांचल क्षेत्रों में सनातन संस्कृति के संरक्षण और जनजाति गौरव को सहेजने की दिशा में विधायक भावना बोहरा के सार्थक प्रयास एक बड़ी सफलता बनकर सामने आए हैं। उनके अथक प्रयासों से आज 115 आदिवासी भाई-बहनों ने प्रलोभन के जाल से बाहर निकलकर अपने मूल धर्म में घर वापसी की और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से पुनः जुड़े। पंडरिया विधानसभा के नेऊर, अमनिया, महिडबरा सहित 12 से अधिक वनांचल क्षेत्रों के जनजाति परिवारों ने सामूहिक रूप से यह निर्णय लिया। विधायक भावना बोहरा ने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, ग्राम नेऊर में आयोजित जनजाति गौरव सम्मान समारोह में स्वयं इन परिवारों के पैर पखारकर उनका स्वागत और अभिनंदन किया। यह घर वापसी सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि भारतीय अस्मिता और आदिवासी संस्कृति की रक्षा का एक मजबूत संकल्प है, जिसने धर्मांतरण कराने वाले तत्वों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है।
♦️ धर्मांतरण पर प्रहार और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने इस अवसर पर कहा कि आदिवासी समुदाय भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर के वाहक रहे हैं। जबरन या प्रलोभन से धर्मांतरण की घटनाओं ने न केवल हमारी परंपराओं को खतरा पहुँचाया, बल्कि सामाजिक ताने-बाने को भी कमजोर किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि धर्मान्तरण में लिप्त लोग हमारे भोले-भाले आदिवासी भाई-बहनों को “नया नियम” नामक किताब बाँटकर केवल गुमराह कर रहे हैं, जबकि उनकी चिंता आदिवासियों के इतिहास या योगदान में नहीं है। विधायक ने इस बात पर ज़ोर दिया कि यह घर वापसी भारतीय अस्मिता की रक्षा का संकल्प है और इस प्रयास से करीब दो माह पूर्व वापस लौटे 70 लोगों के बाद अब 115 लोगों ने अपने मूल धर्म में प्रवेश किया है।

♦️ विकास और सम्मान का डबल इंजन
विधायक ने बताया कि भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आदिवासी समाज के कल्याण और उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज देश के सर्वोच्च पद पर आदिवासी समाज से आने वाली श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी राष्ट्रपति हैं। छत्तीसगढ़ में पीएम जनमन योजना के माध्यम से वनांचल क्षेत्रों में पक्की सड़क, पक्के आवास, बिजली और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। पंडरिया विधानसभा में भी आदिवासी परिवारों को 3000 से अधिक पीएम आवास मिले हैं और 100 किलोमीटर से अधिक की पक्की सड़कें तैयार हो रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारी आदिवासी संस्कृति जल, जंगल और जमीन की रक्षा करती है और इसे बचाना हमारा परम कर्तव्य है, जिसके लिए हमारा प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
♦️ समाज और संगठन ने की सराहना
इस अवसर पर वरिष्ठ समाज सेवी हरीश लुनिया और कबीरधाम जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी जी ने विधायक भावना बोहरा के प्रयासों की सराहना की। हरीश लुनिया ने कहा कि विधायक ने कुछ महीने पहले 70 और आज 115 से अधिक परिवारों की घर वापसी कराकर आदिवासी संस्कृति और सभ्यता को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विधायक द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, जनसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के कार्यों की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम में बैगा जनजाति समाज के वरिष्ठजन, भाजपा के समस्त मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नगर व जनपद पंचायत के सदस्य, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



About The Author














