परिश्रम, समर्पण और राष्ट्र प्रेम ही भाजपा की असली शक्ति है

नई पहल न्यूज नेटवर्क। पंडरिया/कबीरधाम। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी ने शक्ति और संगठन की भावना को पुष्ट करते हुए एक भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया। हाई स्कूल मैदान, पोलमी में आयोजित इस विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा ने बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक के 2500 से अधिक कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों का उत्साहवर्धन किया। यह आयोजन, जहां एक ओर दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान का माध्यम बना, वहीं विधायक के संबोधन ने इसे एक ‘आत्मनिर्भर भारत सम्मेलन’ का रूप दे दिया।
खून-पसीने से बनी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी
कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, सेवा भावना और परिश्रम के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “भाजपा के हर कार्यकर्ता का परिश्रम, समर्पण और राष्ट्र प्रेम की भावना ही पार्टी व संगठन की असली शक्ति है। आज हमें विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी का यह गौरव आप सभी के खून-पसीने और निस्वार्थ परिश्रम की बदौलत मिली है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं को कर्तव्यनिष्ठ सिपाही बताते हुए कहा कि उनकी निःस्वार्थ भावना ने ही भाजपा को जन-जन के दिलों में बसाया है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे अभियानों को जमीनी स्तर पर मूर्त रूप दे रहा है।
आत्मनिर्भरता : सिर्फ नीति नहीं, राष्ट्र निर्माण की मूल भावना
विधायक ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान पर जोर देते हुए कहा कि आज भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है, चाहे वह स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना हो, या अनुसंधान, विज्ञान, अंतरिक्ष और रक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र हों। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से भारत आज रक्षा उपकरणों का आयातक नहीं, बल्कि निर्यातक बन रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में स्वदेशी को अपनाकर देश की प्रगति में अपना योगदान दें, क्योंकि “आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक नीति नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मूल भावना है।”
पंडरिया में विकास की तीव्र गति
विधायक बोहरा ने कार्यकर्ताओं के सहयोग की सराहना करते हुए पिछली सरकार के ‘कुशासन’ पर निशाना साधा और कहा कि आप सभी के परिश्रम से ही कांग्रेस का कुशासन समाप्त हुआ। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ और पंडरिया विधानसभा में विकास की गति तीव्र हुई है, जिससे क्षेत्र की आर्थिक प्रगति सुनिश्चित हुई है। उन्होंने सुतियापाट नहर विस्तारीकरण, हरिनाला पुल निर्माण, पंडरिया बाईपास, उप तहसील कार्यालयों की स्थापना, महतारी वंदन योजना, और किसानों को धान बोनस जैसी अनेक उपलब्धियों का विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 130ए अंतर्गत पंडरिया नगर के सड़क मरम्मत कार्य के लिए $20 करोड़ की स्वीकृति मिली है, जिसका टेंडर जारी हो चुका है। इसके साथ ही, 250 सीटर नालंदा परिसर निर्माण और बिसेसरा से पंडरिया तक 4 लेन सड़क निर्माण कार्य भी प्रक्रियाधीन है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और उत्साह का माहौल
समारोह में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक सुनील सोनी और उनकी टीम द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ गीत-संगीत का आनंद लिया और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर खैरागढ़ के पूर्व विधायक कोमल जंघेल और आत्मनिर्भर भारत अभियान जिला संयोजक रामकुमार भट्ट ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और ‘वोकल फॉर लोकल’ तथा राष्ट्र निर्माण के विचारों को आगे बढ़ाया। अंत में पंडरिया भाजपा मंडल अध्यक्ष बसंत वटिया ने सभी का आभार व्यक्त किया।



About The Author














