बोनस के बाद अब मूल भुगतान और रिकवरी की राशि जारी, विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से 7 हजार किसानों के चेहरों पर आई मुस्कान

नई पहल न्यूज नेटवर्क। पंडरिया (कबीरधाम)। पंडरिया विधानसभा के गन्ना विक्रेता किसानों के लिए इस वर्ष की दीपावली सचमुच दोगुनी खुशियाँ लेकर आई है। विधायक भावना बोहरा के अथक प्रयासों और राज्य सरकार की संवेदनशीलता के फलस्वरूप, दीपावली से ठीक पहले पंडरिया के लगभग 7 हजार से अधिक गन्ना किसानों के खातों में 10 करोड़ रुपये से अधिक की बकाया और रिकवरी राशि हस्तांतरित कर दी गई है। लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, पण्डरिया ने त्यौहार से पूर्व किसानों को खुशियों की सौगात दी है। पहले 17 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, सहकारिता मंत्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी की पहल पर गन्ना प्रोत्साहन राशि के रूप में ₹5.98 करोड़ जारी किए गए थे। अब दीपावली से पहले वर्ष 2024-25 का शेष मूल भुगतान (₹8.36 करोड़) और अतिरिक्त रिकव्हरी राशि (₹1.65 करोड़) का भुगतान भी बैंक को प्रेषित कर दिया गया है। इस प्रकार, दो दिनों के भीतर किसानों को कुल ₹15.99 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है।
विधायक ने जताया आभार
क्षेत्र के किसानों को मिली इस बड़ी सौगात पर पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने समस्त किसानों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और मंत्रिमंडल के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “हमारे अन्नदाताओं की दीपावली भी खुशियों भरी हो, इसके लिए हम हमेशा तत्पर हैं। किसानों के हित के लिए मेरा प्रयास निरंतर जारी रहेगा।” उन्होंने समस्त किसान भाई-बहनों से हर्ष, उल्लास और सुरक्षित रूप से दीपावली मनाने का आग्रह किया।
निरंतर प्रयासों से मिली सफलता
कारखाना के प्रबंध संचालक यू.के. कौशिक ने बताया कि गन्ना किसानों को यह भुगतान विधायक श्रीमती भावना बोहरा जी के निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि विधायक की सक्रियता और किसानों के प्रति संवेदनशीलता से ही दीपावली के पहले किसानों को यह खुशियों की सौगात मिली है। इस भुगतान से गन्ना उत्पादक किसानों के परिवारों में नया उत्साह और उमंग आया है, जिससे वे अब त्योहार को और अधिक हर्षोल्लास से मना सकेंगे। शेष रिकव्हरी राशि का भुगतान भी शीघ्र ही किए जाने की बात कही गई है।




About The Author














