
नई पहल न्यूज नेटवर्क। कवर्धा। छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा के गृह जिले कवर्धा में हुई गैंगरेप की वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। यहां एक आदिवासी युवती को उसके ही बॉयफ्रेंड और दो दोस्तों ने कार में बंधक बनाकर दरिंदगी का शिकार बनाया। घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता को धमकाकर बस स्टैंड के पास छोड़ दिया और फरार हो गए। यह खबर फैलते ही इलाके में गुस्से की लहर दौड़ गई और अस्पताल परिसर में आक्रोशित भीड़ ने SP धर्मेंद्र सिंह की गाड़ी को घेरकर जमकर हंगामा किया।
❖ कैसे अंजाम दी गई वारदात
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता मंगलवार देर रात अपने बॉयफ्रेंड के घर पर रुकी हुई थी। किसी विवाद के बाद वह घर से बाहर निकल आई। इसी दौरान बॉयफ्रेंड भी बाहर आया और तभी उसके दो दोस्त कार लेकर पहुंचे। सभी ने मिलकर युवती को कार में बैठाया और सुनसान इलाके की ओर ले गए। आरोप है कि कार में युवकों ने युवती को बंधक बनाकर गैंगरेप किया। इसके बाद धमकाते हुए उसे शहर के बस स्टैंड के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए।
❖ थाने पहुंची पीड़िता, FIR दर्ज
पीड़िता किसी तरह साहस जुटाकर थाने पहुंची और घटना की शिकायत दर्ज कराई। तत्काल पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा, जहां मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश तेज कर दी है। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
❖ अस्पताल में भड़का जनाक्रोश
जैसे ही घटना की जानकारी इलाके में फैली, बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। गुस्साए लोगों ने अस्पताल परिसर में SP की गाड़ी को घेर लिया और हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों को हालात काबू में करने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी। आक्रोशित जनता को तब जाकर शांत कराया जा सका जब पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
❖ राजनीति में गर्मी
गृहमंत्री के गृह जिले में हुई इस घटना ने प्रदेश की राजनीति को भी गर्मा दिया है। विपक्ष ने सरकार पर कानून-व्यवस्था फेल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि “जब गृहमंत्री के जिले में महिलाएं सुरक्षित नहीं, तो पूरे प्रदेश का क्या हाल होगा?”
वहीं स्थानीय संगठनों ने भी इस मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


About The Author














