भाजपा पूर्व मंडल महामंत्री विशंभर यादव ने मुख्यमंत्री से मांगी थी इच्छामृत्यु

नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर/सूरजपुर। बीजेपी के पूर्व मंडल महामंत्री विशंभर यादव के इलाज ने अब राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। रायपुर एम्स में उनका इलाज जारी है, लेकिन अस्पताल से ज़्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि उनके इलाज को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। बीमारी और आर्थिक तंगहाली से जूझ रहे यादव ने मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की मांगी थीं। उसी समय तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फोन पर बात कर मदद का भरोसा दिलाया था और बाद में उनसे मुलाकात भी की थी। अब उनके इलाज पर सियासत और तेज हो गई है।
भाजपा का हमला : कांग्रेस ने ठुकराई थी मदद
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने रायपुर एम्स में यादव से मुलाकात की। इसके बाद सोशल मीडिया पोस्ट करते हुए उन्होंने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला।
जायसवाल ने लिखा— “हमारी सरकार सेवा और संवेदनशीलता पर काम करती है। मुश्किल समय में अपनों के साथ खड़े रहना ही हमारी राजनीति का आधार है। वहीं कांग्रेस सरकार ने दुर्घटना के समय विशंभर यादव को सिर्फ भाजपा का आदमी कहकर किसी भी तरह की मदद से साफ इनकार कर दिया था।

कांग्रेस का जवाब: भाजपा बना रही राजनीति
कांग्रेस नेताओं ने इसे राजनीतिक नौटंकी बताते हुए कहा कि भाजपा को संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करने की आदत हो गई है। भाजपा इलाज के बहाने राजनीतिक लाभ लेना चाहती है, जबकि कांग्रेस ने हमेशा मानवीय दृष्टिकोण से कार्य किया है।
इलाज की जमीनी हकीकत
रायपुर एम्स में चल रहा उपचार।
भटगांव विधायक और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े स्वयं एंबुलेंस से उन्हें रवाना करने पहुंचीं।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल लगातार यादव और उनके परिजनों के संपर्क में हैं।
राजनीतिक मायने
विशंभर यादव के इलाज को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति में गर्माहट बढ़ गई है। भाजपा इसे संवेदनशील और ज़िम्मेदार सरकार की छवि के रूप में पेश कर रही है, जबकि कांग्रेस भाजपा पर इलाज को सियासी हथियार बनाने का आरोप लगा रही है।
About The Author














