‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत फलदार पौधों का विशाल रोपण, कलेक्टर बोलीं – बच्चों की तरह करें परवरिश

नई पहल न्यूज नेटवर्क। कोरिया। हरियाली के प्रतीक सावन मास के पहले दिन को कोरिया जिला प्रशासन ने एक खूबसूरत संदेश के साथ यादगार बना दिया। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत ग्राम चेरवापारा में फलदार पौधों का भव्य रोपण किया गया, जिसमें आम, आंवला, कटहल, लीची, जामुन और अमरूद जैसे 100 से अधिक पौधे लगाए गए।
कलेक्टर ने खुद लगाया पौधा, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जिला कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने खुद उन्नत किस्म के आम का पौधा लगाकर पानी डाला और कहा, “पौधा लगाना एक शुरुआत है, लेकिन उसे बच्चों की तरह पालना ही असली जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण सिर्फ फल, छांव या औपचारिकता के लिए नहीं, बल्कि जीव-जगत और पर्यावरण के समग्र कल्याण के लिए होना चाहिए।

बंजर ज़मीन को हरियाली में बदलने का संकल्प
जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने औषधीय आंवले का पौधा लगाते हुए कहा —”जैसे कुपोषित बच्चों को पोषण देना हमारा कर्तव्य है, वैसे ही बंजर भूमि को हरित करना भी हमारा सामाजिक दायित्व है।” उन्होंने पेड़ों के प्राणवायु, जल संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन में योगदान को रेखांकित किया।
सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र
पौधरोपण स्थल पर सेल्फी प्वाइंट बनाया गया, जहां अधिकारी, जनप्रतिनिधि और कर्मचारी बड़ी संख्या में पहुंचे और फोटो के साथ अपनी भागीदारी दर्ज की। इस अभियान में जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी ली।


#एक_पेड़_माँ_के_नाम #कोरिया_वृक्षारोपण #सावन_की_हरियाली #ChhattisgarhGreenMission #EnvironmentAwareness #SawanSpecial #PlantForMother #GreenKorea #ChhattisgarhNews
About The Author










































