संजय बाजार में शिव का प्रकट रूप ! जीर्णोद्धार के दौरान मिला शिवलिंग, भक्त हुए भावविभोर
नई पहल न्यूज नेटवर्क। जगदलपुर। संजय बाजार की पावन धरती पर शुक्रवार की सुबह एक अद्भुत चमत्कार ने पूरे शहर को श्रद्धा और आस्था में डुबो दिया। दशकों पुराने एक प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य के दौरान भूमि से एक विशाल शिवलिंग के प्रकट होने की खबर पूरे शहर में आग की तरह फैल गई। जैसे ही कारीगरों ने मंदिर की खुदाई शुरू की, मिट्टी के अंदर से धीरे-धीरे शिवलिंग के दर्शन हुए। यह दृश्य इतना अद्वितीय था कि वहां मौजूद लोग भाव-विभोर हो गए और “हर-हर महादेव” के जयकारों से संजय बाजार गूंज उठा।

संजय बाजार का बरगद बना साक्षी, चमत्कारी शिवलिंग के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
बस्तर संभाग की सबसे बड़ी सब्जी मंडी के बीचोंबीच स्थित इस पुराने शिव मंदिर के जीर्णोद्धार की पहल संजय बाजार व्यापारी संगठन ने की थी। निर्माण कार्य के पहले ही दिन अचानक शिवलिंग की प्रकटता को लोग दैवीय संकेत मान रहे हैं। पुलिस प्रशासन को भीड़ नियंत्रण में करनी पड़ी तैनाती, वहीं मंदिर परिसर में श्रद्धालु घंटों कतार में लगकर भूमि से प्रकट शिवलिंग के दर्शन कर रहे हैं। कारीगरों ने भी अब खुदाई के कार्य को अत्यंत सावधानी से जारी रखा है।

भावनाओं से भरे लोग बोले – शिव खुद बुलाए हैं
शिवलिंग के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना है कि यह “साक्षात महादेव की कृपा” है। कई श्रद्धालु भावुक होकर आंखों में आंसू लिए हुए बोलते दिखे –
“महादेव ने स्वयं प्रकट होकर हमारे विश्वास को और मजबूत किया है।”

बस्तर: जहां धरती से शिवलिंग निकलना एक परंपरा सी
गौरतलब है कि बस्तर अंचल में शिवलिंगों का भूमि से मिलना कोई नया विषय नहीं है। यहां के आदिवासी समुदाय भगवान शिव को बूढ़ादेव के रूप में पूजते हैं और ऐसी घटनाओं को पवित्र संदेश के रूप में देखते हैं। हालांकि, ऐसे स्थलों को संरक्षित करने और आधिकारिक रूप से मान्यता देने की दिशा में प्रशासन और पुरातत्व विभाग की ओर से अब तक अपेक्षित कार्यवाही नहीं हो सकी है।
भक्तों की मांग :
इस शिवलिंग को धार्मिक धरोहर का दर्जा मिले
स्थल का संरक्षण और आधिकारिक पूजा-स्थल के रूप में विकास हो
पुरातत्व विभाग मौके पर पहुंचकर इसका मूल्यांकन करे
शहरवासियों की आस्था को देखते हुए, यहां स्थायी मंदिर निर्माण की दिशा में कदम उठाया जाए


About The Author










































