नई पहल न्यूज नेटवर्क। कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र स्थित बगबुड़ा गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चोरी के एक मामले की जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया और बुरी तरह से मारपीट की। हमले में तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें आरक्षक अनिल पोर्ते कुछ समय के लिए लापता हो गए थे। इस घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी खुद घटनास्थल पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया। सर्च ऑपरेशन के बाद करीब 5 घंटे बाद आरक्षक अनिल पोर्ते को एक नाले के पास बेहोशी की हालत में बरामद किया गया। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

घायल पुलिसकर्मियों के नाम :
आरक्षक अभिषेक पाण्डेय
आरक्षक गजेंद्र बिघावार
आरक्षक अनिल पोर्ते (जंगल से बरामद)
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि पुलिस की टीम चोरी की शिकायत पर जांच के लिए गांव पहुंची थी, तभी कुछ उग्र ग्रामीणों ने अचानक हमला बोल दिया। पुलिसकर्मियों को जान बचाकर जंगल की ओर भागना पड़ा। घटना को लेकर अपराधियों की पहचान की गई और पुलिस पर हमले के आरोप में भंजू यादव, लक्ष्मण यादव, लाल अहिबरन यादव, विश्राम यादव सहित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
बगबुड़ा गांव बना चुनौती :
यह कोई पहली घटना नहीं है जब बगबुड़ा गांव में पुलिस या प्रशासनिक अमले पर हमला हुआ है। इससे पहले भी आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किया गया था। अब बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आना पुलिस और प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है।
सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल तैनात:
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश के लिए अभियान जारी है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। बगबुड़ा गांव की यह घटना सिर्फ कानून व्यवस्था पर हमला नहीं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था के लिए एक खतरे की घंटी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं दर्शाती हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की उपस्थिति और भरोसे को मजबूत करने की आवश्यकता है।
#कोरबा #छत्तीसगढ़ #पुलिसहमला #बगबुड़ा_घटना #BreakingNews #LawAndOrder #PoliceAttack #KorbaNews #ChhattisgarhNews #BangoThana


About The Author










































