धमतरी में 7 मंदिरों में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार धार्मिक भावनाओं को ठेस, पुलिस ने 8 लाख का माल किया जब्त
नई पहल न्यूज नेटवर्क। धमतरी। श्रद्धा और विश्वास के प्रतीक मंदिरों को निशाना बनाने वाला संगठित चोर गिरोह आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया है। धमतरी जिले के विभिन्न 7 मंदिरों में 35 दिनों के भीतर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे घटनाक्रम ने न सिर्फ धार्मिक आस्थाओं को झकझोरा है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


दानपेटियों से लेकर देवी-देवताओं के आभूषण तक चुरा ले गए
गिरफ्तार आरोपी मंदिरों में लगे दानपेटियों से नकदी, चांदी की चरण पादुका, और सोने के मुकुट-लॉकेट तक चुरा ले गए। कुरूद स्थित चंडी माता मंदिर से चुराए गए सोने के मुकुट और चरण पादुका, साथ ही अन्य मंदिरों से हुई चोरी की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है।
मंदिरों में की गई चोरी की सूची चौंकाने वाली
1. रत्नेश्वरी मंदिर, धमतरी – ₹10,500
2. श्रीराम मंदिर, धमतरी – ₹4,000 + चांदी की चरण पादुका
3. नागेश्वर मंदिर, धमतरी – ₹30,000
4. छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर, कुरूद – ₹3,000
5. शिव मंदिर, धमतरी – ₹2,000
6. काली मंदिर, धमतरी – ₹1,000
7. चंडी मंदिर, कुरूद – सोने का मुकुट, लॉकेट, चरण पादुका और ₹5,000

गिरोह की संरचना और गिरफ़्तारी का खुलासा
मुख्य आरोपी जाहिर उर्फ समीर खान, जो पहले कबाड़ दुकान में काम करता था, ने अपनी पत्नी की जरूरतें पूरी करने के लिए चोरी की राह पकड़ी। उसके साथ उसकी पत्नी अफरोज, मोहम्मद मुनाफ खत्री और उनकी पत्नी ताहिरा बानो भी इस आपराधिक साजिश में शामिल थे। सभी आरोपी महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र के रहने वाले हैं। मुख्य आरोपी वर्तमान में मकेश्वर वार्ड, धमतरी में निवास कर रहा था। पुलिस की साइबर सेल और विशेष टीम ने मिलकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और जमीनी खोजबीन के बाद आरोपियों को दबोच लिया। चोरों के पास से टीवी, फ्रिज, सोने-चांदी के आभूषण, स्कूटी और नगदी बरामद की गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी की रकम से आरोपी घर के लिए इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीद चुके थे।

संगठित अपराध की धारा 111 BNS के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने बताया कि यह केवल चोरी नहीं, बल्कि सुनियोजित संगठित अपराध है। मुख्य आरोपी जाहिर खान पर पहले से ही धारा 307, 457, 380 जैसे गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। इसी आधार पर पुलिस ने इस बार आरोपियों पर नवीन आपराधिक कानून की धारा 111 BNS के तहत मामला दर्ज कर उन्हें सख्त सजा दिलाने की तैयारी की है।
पुलिस की अपील – सतर्क रहें, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करें
धमतरी पुलिस ने सभी नागरिकों और मंदिर समितियों से अपील की है कि
मंदिरों और प्रतिष्ठानों में अच्छी क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगाएं।
किरायेदारों का पुलिस वेरिफिकेशन जरूर कराएं।
संदिग्ध गतिविधियों या अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की सूचना टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर तत्काल दें।
श्रद्धा पर चोट, पर अब जवाब तय है
धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने वाले इन अपराधियों ने सिर्फ संपत्ति नहीं, आस्था और विश्वास को ठगने की कोशिश की है। लेकिन पुलिस की सतर्कता ने इस साजिश का पर्दाफाश कर यह संदेश दिया है कि श्रद्धा की रक्षा के लिए अब कानून भी और मजबूत हो चला है।


About The Author










































