
नई पहल न्यूज नेटवर्क। बालोद। जिले के स्वास्थ्य विभाग में एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए जिला स्वास्थ्य अधिकारी (DHO) डॉ. महेश सूर्यवंशी को उनके पद से हटा दिया गया है। उन्हें अब जिला अस्पताल में अटैच कर दिया गया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ प्रदेश रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन व बालोद जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू की लगातार की गई शिकायतों के बाद हुई है। साहू ने स्वास्थ्य विभाग की बदहाली और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर मुख्यमंत्री से लेकर जिला स्तर तक कई बार आवाज़ उठाई थी। तोमन साहू ने स्पष्ट किया कि बीते कुछ समय से स्वास्थ्य विभाग में भारी अव्यवस्थाएं देखी जा रही थीं। आम लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। इस संबंध में जिला पंचायत की सामान्य सभा में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था, जहां जांच की मांग की गई थी।मुख्यमंत्री द्वारा चलाए जा रहे सुशासन पर्व के दौरान बालोद प्रवास के समय भी इस विषय को साहू ने उनके संज्ञान में लाया था। जनहित में की गई इस सर्जरी के बाद अब स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की उम्मीद की जा रही है। तोमन साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगे भी स्वास्थ्य या किसी भी विभाग में अनियमितता की शिकायतें मिलती हैं तो उन्हें मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा। जनता के अधिकारों और सुविधाओं से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगा।


About The Author










































