
नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। बिलासपुर। दक्षिण पूर्व कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) और छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक (सीआरजीबी) के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ, जिसके तहत एसईसीएल के कर्मचारियों को कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज की सुविधाएं प्राप्त होंगी। यह एमओयू राष्ट्रीयकृत बैंकों की तर्ज पर किया गया है, जिससे कर्मचारियों को विभिन्न वित्तीय लाभों का अधिकार मिलेगा। यह समझौता एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास एवं निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। समझौते पर एसईसीएल की ओर से दुर्गा प्रसाद सामल (महाप्रबंधक, मानव संसाधन – कर्मचारी स्थापना) एवं सीआरजीबी की ओर से अमरजीत सिंह खनूजा (सहायक महाप्रबंधक, बिजनेस एंड क्रेडिट/संचालन, मुख्यालय रायपुर) ने हस्ताक्षर किए।
यह समझौता एसईसीएल का किसी ग्रामीण बैंक के साथ पहला कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज एमओयू है, जिससे छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में वेतन खाता रखने वाले 3,637 कर्मचारी लाभान्वित होंगे। इस पहल के पश्चात एसईसीएल के 99% कर्मचारी अब कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज की सुविधाओं से आच्छादित हो जाएंगे। कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के अंतर्गत कर्मचारियों को बैंकों द्वारा प्रायः विशेष ब्याज दर, प्रायोरिटी लोन प्रोसेसिंग, क्रेडिट कार्ड, बीमा कवर, एवं अन्य बैंकिंग सेवाओं में प्राथमिकता जैसी सुविधाएं मिलती हैं। यह समझौता कर्मचारी कल्याण, वित्तीय समावेशन और संस्थागत सहयोग का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।



About The Author










































