नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में आज सुबह एक दर्दनाक हादसे में बैंककर्मी की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे बेमेतरा-सिमगा मार्ग पर स्थित पुराने शिवनाथ नदी पुल से एक कार नदी में जा गिरी। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा तत्काल पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से कार को नदी से बाहर निकाला। कार खींचते समय पानी के अंदर से एक व्यक्ति का हाथ नजर आया, जिसके बाद स्थिति गंभीर हो गई।

मृतक की पहचान :

हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान अमित कोल के रूप में हुई है, जो बेमेतरा स्थित बैंक ऑफ इंडिया में पदस्थ थे। मूल रूप से वे जबलपुर (मध्यप्रदेश) के रहने वाले थे और पिछले कुछ वर्षों से बेमेतरा में नौकरी कर रहे थे। हादसे के वक्त वह ड्यूटी पर जा रहे थे, लेकिन पुराने और जर्जर हो चुके पुल से गुजरते समय कार फिसल कर नदी में समा गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। यह देखा जा रहा है कि हादसा तकनीकी कारणों से हुआ या पुल की सुरक्षा में लापरवाही इसकी वजह रही।
स्थानीय मांग :
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में पुल की सुरक्षा को लेकर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि शिवनाथ नदी के पुराने पुल पर वर्षों से कोई मेंटेनेंस नहीं हुआ है, जो किसी भी वक्त जानलेवा साबित हो सकता है।


About The Author










































