
एसीबी की बड़ी कार्रवाई, साकेत कॉलोनी स्थित सरकारी निवास में छापा
नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के विद्युत यांत्रिकी विभाग में पदस्थ कार्यपालन अभियंता (EE) अजय कुमार को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। एसीबी की टीम ने जगदलपुर की पॉश साकेत कॉलोनी स्थित उनके सरकारी आवास में छापा मार कर यह कार्रवाई की।

टेंडर दिलाने के एवज में मांगी थी रिश्वत
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, अजय कुमार ने एक स्थानीय ठेकेदार से काम का टेंडर दिलवाने के एवज में पहले ही 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग कर रखी थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और जैसे ही ठेकेदार ने पैसा सौंपा, टीम ने दबिश देकर EE को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई स्थल: सरकारी आवास, साकेत कॉलोनी
एसीबी की टीम ने शुक्रवार दोपहर साकेत कॉलोनी स्थित EE अजय कुमार के सरकारी आवास में दबिश दी और मौके पर ही 2 लाख रुपये की रकम बरामद की। फिलहाल आरोपी EE से पूछताछ जारी है और ब्यूरो इस मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य संलिप्त अधिकारियों की जांच में जुटी है।
भ्रष्टाचार का घेरा – टेंडर में ट्रांसपेरेंसी पर सवाल
यह घटना एक बार फिर इस सवाल को खड़ा करती है कि सरकारी विभागों में ठेकों और टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता कहाँ है?
जहाँ एक ओर सरकार “भ्रष्टाचार मुक्त शासन” की बात करती है, वहीं पीडब्ल्यूडी जैसे संवेदनशील विभागों में बैठे अफसर खुलेआम सौदेबाजी कर रहे हैं।
क्या सिर्फ EE तक मामला सीमित है ?
जांच एजेंसी की नजर अब इस बात पर भी है कि क्या अजय कुमार अकेले इस भ्रष्टाचार में शामिल थे या कोई उच्च अधिकारी भी शामिल है? यह भी माना जा रहा है कि कई पुराने टेंडरों में भी गड़बड़ी की जांच हो सकती है।
About The Author










































