गलत इलाज से बेटी की हालत बिगड़ी कहकर डॉक्टर को जड़ा थप्पड़, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात !
नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। कोरबा। शहर में चिकित्सा सेवा से जुड़ी एक चौंकाने वाली और गंभीर घटना सामने आई है, जहां एक मासूम बच्ची के पिता ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डॉक्टर को थप्पड़ मार दिया। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहार मुख्य मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल की है, जिसका संचालन डॉ. सुबोध थवाईत करते हैं।

इलाज में लापरवाही का आरोप, डॉक्टर से हुई बहस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मरीज के पिता का आरोप है कि टीकाकरण के बाद उसकी बेटी की तबीयत बिगड़ गई थी और एक माह तक इलाज के बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ। मजबूरन उन्हें रायपुर ले जाकर निजी अस्पताल में महंगा इलाज कराना पड़ा। इस बात को लेकर वह डॉक्टर थवाईत से जवाब मांगने पहुंचे, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं मिला। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मरीज के पिता ने डॉक्टर को थप्पड़ मार दिया।

सीसीटीवी में कैद पूरी वारदात, पुलिस ने दर्ज किया मामला
अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना कैद हो गई, जिसमें डॉक्टर और मरीज के पिता के बीच हुई झड़प स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। डॉ. सुबोध थवाईत ने घटना के बाद सिविल लाइन थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मरीज के पिता के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
सीएसपी का बयान: जांच जारी, दोनों पक्षों से ली जा रही है जानकारी
कोरबा के सीएसपी भूषण एक्का ने मीडिया को बताया कि डॉक्टर के साथ मारपीट की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस CCTV फुटेज के साथ-साथ दोनों पक्षों के बयान लेकर घटना की निष्पक्ष जांच कर रही है।
बड़ी चिंता: स्वास्थ्य सेवा में बढ़ती हिंसा पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर से मेडिकल प्रोफेशन में बढ़ रही हिंसा और डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं में जहां डॉक्टरों की जवाबदेही जरूरी है, वहीं डॉक्टरों के साथ हिंसा करना कानूनन अपराध है और समाज में असंतुलन पैदा करता है। “इलाज से नाखुश होना एक बात है, लेकिन डॉक्टर को थप्पड़ मारना कानून अपने हाथ में लेना है।”


About The Author










































