
दोपहर के समय मंदिर में घुसी महिला, दानपेटी तोड़कर चुरा ले गई नकदी, शहर में फैली आक्रोश की लहर
नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। कवर्धा। कबीरधाम जिले के कवर्धा शहर में मंगलवार को दिनदहाड़े एक हनुमान मंदिर से चोरी की घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मामला पुराना कचहरी पारा स्थित हनुमान मंदिर का है, जहां एक महिला ने मंदिर की दानपेटी को निशाना बनाते हुए उसमें रखे रुपये चुरा लिए। यह पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक महिला मंदिर में प्रवेश करती है, इधर-उधर देखती है और फिर मौका पाते ही दानपेटी तोड़कर उसमें रखे नकदी को निकालकर चुपचाप फरार हो जाती है।

घटना के समय मंदिर था खाली
जानकारी के अनुसार यह चोरी आज दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच हुई, जब मंदिर में कोई भी मौजूद नहीं था। महिला ने इसका फायदा उठाते हुए बड़ी चालाकी से यह कृत्य अंजाम दिया।
मंदिर समिति ने की शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर समिति ने तत्काल कवर्धा सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भी तुरंत कार्रवाई करते हुए वायरल वीडियो को अपने कब्जे में लेकर महिला की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, CCTV फुटेज के आधार पर महिला की पहचान की जा रही है और शहर के प्रमुख स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
शहर में आक्रोश का माहौल
मंदिर जैसी धार्मिक और पवित्र जगह पर हुई इस चोरी से स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।


About The Author










































