
बम्हनीडीह टीआई कमलेश शेंडेय लाइन अटैच, SI भवानी सिंह को कमान
नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के खुले खेल और पुलिस की ढिलाई पर आखिरकार एसपी विजय कुमार पाण्डेय का सब्र जवाब दे गया। उन्होंने सोमवार को बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए थाना बम्हनीडीह के प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेंडेय को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया। इस कार्रवाई ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है। अब थाने की कमान उपनिरीक्षक भवानी सिंह को सौंपी गई है, जो पूर्व में थाना चांपा में अपनी सख्त छवि के लिए पहचाने जाते हैं। एक थाना प्रभारी की ढिलाई ने उसकी कुर्सी छीनी, अब नया अफसर मोर्चे पर है। क्या अब बम्हनीडीह में बदलाव की बयार चलेगी? यह देखने की बात होगी।

क्या है पूरा मामला ?
सूत्रों की मानें तो बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। लेकिन कार्रवाई के नाम पर महज खानापूर्ति हो रही थी। कुछ मामलों में लेन-देन की भी बातें उजागर हुईं, जिसके बाद पूरा मामला एसपी विजय पाण्डेय के संज्ञान में पहुंचा। उन्होंने बिना देर किए ताबड़तोड़ एक्शन लेते हुए टीआई को लाइन अटैच करने का आदेश दिया।
भवानी सिंह को मिली नई चुनौती
उपनिरीक्षक भवानी सिंह, जिन्हें बम्हनीडीह की जिम्मेदारी सौंपी गई है, उनकी छवि कड़क और ईमानदार अफसर के रूप में है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि “अवैध शराब, सट्टा, और नशीले पदार्थों के कारोबार पर तत्काल और निर्णायक कार्रवाई की जाए।”
“देर आए, दुरुस्त आए !”
इस कार्रवाई के बाद आम जनता ने एसपी की त्वरित कार्यवाही की तारीफ करते हुए कहा कि अब शायद अवैध धंधों पर लगाम लगेगी। कई ग्रामीणों का कहना है कि बम्हनीडीह थाना क्षेत्र में लंबे समय से ‘मुकदमा मैनेजमेंट’ का खेल चल रहा था, अब जाकर कुछ उम्मीद जगी है।
पुलिस की अपील
पुलिस विभाग ने लोगों से गोपनीय सूचना साझा करने की अपील करते हुए कहा है कि यदि कोई भी अवैध शराब बिक्री, नशा तस्करी या अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। “आपका नाम गोपनीय रखा जाएगा और त्वरित कार्रवाई होगी।”
एसपी की दो टूक चेतावनी
एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि, “कानून व्यवस्था के नाम पर कोई समझौता नहीं होगा। अवैध शराब तस्करी, नशा कारोबार और अपराधियों से मिलीभगत की किसी भी सूचना पर थानेदार सीधे जिम्मेदार माना जाएगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी पुलिसकर्मी या स्टाफ किसी अवैध गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो उसकी जवाबदेही सीधे थाना प्रभारी की मानी जाएगी।


About The Author










































