छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में चोरी की वारदात: नकाबपोश चोर ने दो दान पेटियों को बनाया निशाना, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। धमतरी। जिले में एक बार फिर धर्मस्थल को चोरों ने अपना निशाना बनाया है। कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में बीती रात एक नकाबपोश चोर ने घुसकर दो दान पेटियों को चोरी कर लिया। चोर ने दान पेटियों को मंदिर से घसीटते हुए बाहर ले गया और रकम निकालने के बाद मंदिर के पीछे फेंक दिया। घटना 14 जून की रात की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।

मंदिर में घुटनों के बल दाखिल हुआ चोर
घटना की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। कैमरे में साफ देखा जा सकता है कि नकाबपोश चोर पहले घुटनों के बल मंदिर में प्रवेश करता है और फिर दान पेटियों के पास पहुंचकर एक-एक कर उन्हें घसीटते हुए बाहर ले जाता है। पहले मौके पर ही पैसे निकालने की कोशिश करता है, लेकिन सफल न होने पर पेटी को मंदिर के पिछले हिस्से में ले जाकर रकम निकालता है।
ढाई से तीन हजार रुपये की चोरी, पुलिस जांच में जुटी
पुजारी के अनुसार दान पेटियों में करीब ढाई से तीन हजार रुपये थे। बताया जा रहा है कि रात में मंदिर के मुख्य द्वार में ताला लगा हुआ था, लेकिन गर्भगृह के बाहर रखी दान पेटियां चोर के लिए आसान निशाना बन गईं। सुबह मंदिर पहुंचने पर पुजारियों ने दान पेटियां गायब देखी और तत्काल कुरूद पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
लगातार मंदिरों को बना रहे निशाना
धमतरी जिले में मंदिरों में चोरी की यह कोई पहली वारदात नहीं है। बीते कुछ सप्ताहों में जिले के चार से अधिक मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। चोर न केवल दान पेटियों को निशाना बना रहे हैं, बल्कि कई स्थानों पर चरण पादुका तक गायब कर दी गई हैं। इससे श्रद्धालुओं में आक्रोश और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
धर्मप्रेमियों में आक्रोश
छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को मंदिरों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था करनी चाहिए। खासकर ऐसे प्रसिद्ध मंदिरों में जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
कुरूद पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और चोर की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोर अकेला था या उसके साथ और भी कोई था। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
मंदिर में चोरी की खबर पर “नई पहल” के “प्रधान संपादक रविकांत सिंह राजपूत” की “त्वरित टिप्पणी” इस लिंक पर क्लिक करके पढ़िए।


About The Author










































