नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। रायपुर। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में धरम नगर, रायपुर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी दंपत्ति को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार मो. दिलावर (49) व उसकी पत्नी परवीन बेगम (44) पिछले 16 वर्षों से रायपुर में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रह रहे थे। आरोपी दिलावर यहां ठेला लगाकर जीवन यापन करता था। पुलिस ने इनके पास से फर्जी पासपोर्ट, मार्कशीट, आधार कार्ड और मोबाइल फोन जब्त किया है।

जांच में खुलासा हुआ कि दिलावर ने 35 वर्ष की उम्र में फर्जी आठवीं की मार्कशीट बनवाई और उसी के आधार पर पासपोर्ट प्राप्त किया। उसके मोबाइल में कई बांग्लादेशी नंबर भी मिले हैं। इन पर भारतीय पासपोर्ट अधिनियम, विदेशी अधिनियम और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 437/25 दर्ज किया गया है। पुलिस इनसे रायपुर में रह रहे अन्य संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों की भी जानकारी जुटा रही है।



About The Author










































