
नई पहल न्यूज़ नेटवर्क। धमतरी। जिले में शुक्रवार की रात भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आरोप है कि पुलिस की बाइक पेट्रोलिंग टीम ने एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष नमन बंजारे के साथ अभद्रता करते हुए थप्पड़ मार दिया। इसी के विरोध में देर रात सिटी कोतवाली थाना के बाहर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
क्या है मामला ?

धमतरी में इन दिनों बढ़ते अपराधों को देखते हुए पुलिस द्वारा रात्रि गश्त और सघन बाइक पेट्रोलिंग चलाई जा रही है। शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे शहर के मकई गार्डन क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग टीम पहुंची, जहां एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष नमन बंजारे अपने कुछ साथियों के साथ मौजूद थे। आरोप है कि एक युवक शराब के नशे में था और उल्टी कर रहा था, जिसे नमन बंजारे घर छोड़ने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप करते हुए पहले उल्टी कर रहे युवक से मारपीट की, और फिर हस्तक्षेप करने पर नमन बंजारे को भी थप्पड़ मार दिया गया। नमन का आरोप है कि मौके पर मौजूद थाने के प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने बातचीत की जगह सीधे हाथापाई शुरू कर दी।
थाने के बाहर विरोध, “एसपी हटाओ – धमतरी बचाओ” के नारे
घटना की जानकारी मिलते ही एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष राजा देवांगन के नेतृत्व में संगठन के कई कार्यकर्ता देर रात सिटी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने कपड़े उतारकर अर्धनग्न प्रदर्शन किया और पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने “एसपी हटाओ – धमतरी बचाओ”, “तानाशाही नहीं चलेगी”, जैसे नारे लगाकर पुलिस पर कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन की चुप्पी, मांग तेज
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अभी तक जिला पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रदर्शन स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों पर जल्द कार्रवाई नहीं होती, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। संगठन राज्य स्तर पर भी इस मुद्दे को उठाने की तैयारी में है।
“शहर के मकेश्वर वार्ड के रहने वाले एनएसयूआई कार्यकर्ता अपने मोहल्ले में शांतिपूर्वक बैठे थे। पुलिस आई, बातचीत के बजाय गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी। यह बर्दाश्त के बाहर है। पुलिस की इस तानाशाही मानसिकता के खिलाफ हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा।”
राजा देवांगन
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष
“मैं अपने मोहल्ले के युवक को, जो अत्यधिक नशे में था, घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान पुलिस आई और उल्टी कर रहे युवक को डांटने लगे। मैंने समझाने की कोशिश की तो मुझे थप्पड़ मार दिया गया। फिर बाकी युवकों को भी अपमानित किया गया। क्या अब समाजसेवी और छात्र नेता की यही इज्जत रह गई है?”
नमन बंजारे
एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष


About The Author










































