
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसईसीएल मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित
पर्यावरण क्षेत्र में किए गए प्रयासों को समाहित करती पत्रिका “पर्यावरण दर्पण” का विमोचन किया गया

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय, बिलासपुर में विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य कार्यक्रम का आयोजन एसईसीएल मुख्यालय ऑडिटोरियम में हुआ, जिसकी शुरुआत मुख्य अतिथि अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन द्वारा पर्यावरण ध्वज फहराकर की गई। इसके पश्चात कोल इंडिया कॉर्पोरेट गीत का वादन किया गया। मंच पर निदेशक तकनीकी (संचालन सह योजना-परियोजना) एन. फ्रेंकलिन जयकुमार, निदेशक (एचआर) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष शशि दुहन, उपाध्यक्षागण, महाप्रबंधक (पर्यावरण) बी.के. जेना सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


इस अवसर पर एसईसीएल द्वारा पर्यावरण क्षेत्र में किए गए प्रयासों को समाहित करती पत्रिका “पर्यावरण दर्पण” का विमोचन किया गया। साथ ही उपस्थित जनों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में पर्यावरण विषय पर आधारित एक नुक्कड़ नाटक का मंचन अग्रज नाट्य दल द्वारा किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को मंच से पुरस्कृत भी किया गया। अपने संबोधन में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने कहा कि हमें अपने दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग न्यूनतम करना चाहिए तथा उपयोग की गई प्लास्टिक को रीसायकल कर दोबारा उपयोग में लाना चाहिए।
“एक पेड़ माँ के नाम 2.0” अभियान का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान एसईसीएल मुख्यालय प्रांगण में औषधीय, फलदार एवं अन्य पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर एसईसीएल के सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं महिला मंडल की सदस्यों ने सहभागिता दी। एसईसीएल द्वारा इस अभियान के तहत छत्तीसगढ़ एवं मध्यप्रदेश के विभिन्न संचालन क्षेत्रों में 1 लाख से अधिक पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है।


About The Author










































