
वनांचल में बैंक खाते खोलने का अभियान, स्व सहायता समूह की महिलाएं घर-घर जाकर कर रही दस्तावेज एकत्र, ऑनलाइन पंजीकरण भी
सुकमा। जिला पंचायत सीईओ नम्रता जैन के नेतृत्व में सुदूर वनांचल और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। स्व सहायता समूह की सदस्य घर-घर जाकर ग्रामीणों के बैंक खाते खोल रही हैं। इससे ग्रामीणों को वित्तीय समावेशन का लाभ मिलेगा। साथ ही शासकीय योजनाओं की डीबीटी राशि सीधे उनके खातों में भेजी जाएगी।


जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इस अभियान में उन गांवों को प्राथमिकता दी जा रही है, जो अभी तक बैंकिंग सुविधाओं से दूर हैं। बैंक मित्र और स्व सहायता समूह की सदस्य दस्तावेज एकत्रित कर खातों का ऑनलाइन पंजीकरण कर रही हैं। इस पहल से महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचेगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। वनांचल के निवासी सोढ़ी देवा के अनुसार, अब उन्हें योजनाओं की राशि सीधे खाते में मिलेगी। स्व सहायता समूह की सदस्यों के घर आकर खाता खोलने से उन्हें बैंक जाने की भी आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

About The Author










































