
शिक्षकों की हड़ताल पर बीजेपी नेता का विवादित बयान आया सामने, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री ने शिक्षकों को बताया शहरी नक्सली, कहा वो कही भी रहकर अच्छे फैसले का विरोध करते है
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री खूबलाल ध्रुव ने विवादास्पद बयान दिया है। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस धमतरी में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने हड़ताल पर गए शिक्षकों की तुलना अर्बन नक्सलियों से कर दी।खूबलाल ध्रुव ने कहा कि पिछले दो-तीन दिनों से चल रही शिक्षकों की हड़ताल उचित नहीं है। उन्होंने शिक्षकों पर आरोप लगाया कि वे अर्बन नक्सलियों की तरह काम कर रहे हैं। उनका कहना था कि अर्बन नक्सली कहीं भी बैठकर अपना कार्य कर सकते हैं और उनकी पहचान करना मुश्किल होता है।


प्रदेश मंत्री ने शिक्षकों को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने एक विरोधाभास की ओर इशारा करते हुए कहा कि 10 हजार रुपये कमाने वाले शिक्षक के बच्चे 1 लाख रुपये कमाने वाले शिक्षक के स्कूल में पढ़ते हैं।खूबलाल ध्रुव ने मुख्यमंत्री की नीतियों की सराहना की। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ सरकार की नीति को सफल बताया। साथ ही आदिवासियों को मुख्यधारा में शामिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अगर गांव के बच्चों को सही दिशा दी जाए, तो उनमें से भी विष्णु साय जैसा मुख्यमंत्री निकल सकता है।

About The Author










































