
छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में बेटियों की शादी में मिलती है सहायता नगर पालिका 31 गरीब परिवारों को दे चुकी 5100-5100 रुपए की सहायता राशि
रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज नगर पालिका परिषद ने एक अनूठी पहल की है। नगर पालिका क्षेत्र में रहने वाले गरीब परिवारों को बेटियों की शादी के लिए 5100 रुपए की आर्थिक मदद दी जा रही है। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने 15 पार्षदों की सहमति से यह योजना शुरू की है। इस योजना में धर्म, जाति या संप्रदाय का कोई बंधन नहीं है। अब तक 31 परिवारों को इस योजना का लाभ मिल चुका है।

योजना का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें हैं। आवेदक का नाम नगर पालिका की मतदाता सूची में होना चाहिए। आवेदन मिलने के बाद नगर पालिका की टीम वार्ड पार्षद के साथ परिवार से मिलती है। जांच के बाद कन्या के विवाह से पहले सहायता राशि दी जाती है।रामानुजगंज पहले नगर पंचायत था। नगर पालिका बनने के बाद रमन अग्रवाल को फिर से अध्यक्ष चुना गया। वे पहले भी दो बार नगर पंचायत के अध्यक्ष रह चुके हैं। शहर के लोग इस पहल की सराहना कर रहे हैं। यह छोटी सी मदद गरीब परिवारों के लिए बड़ा सहारा बन रही है।


About The Author










































