ये कैसी जांच : दीपावली पर सरकारी जांच का ढोंग : जब तक रायपुर प्रयोगशाला से आएगी रिपोर्ट, तब तक पेट में पच चुकी होगी मिलावटी मिठाई !

Share this post:

MCB जिले में खाद्य विभाग की दिखावे की कार्रवाई, 10 दिन में रिपोर्ट आने का दावा… लेकिन 5 दिन बाद ही है दिवाली

नई पहल न्यूज नेटवर्क। मनेंद्रगढ़ । त्यौहार आया नहीं कि सरकारी महकमों का ‘सैंपलिंग का खेल’ शुरू हो गया है। दीपावली से ठीक पहले चिरमिरी में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम दुकानों में उतरी, सैंपल लिए और बड़ी-बड़ी विज्ञप्तियां जारी कर दीं। लेकिन इस पूरी कवायद का सबसे कड़वा सच यह है कि जब तक रायपुर प्रयोगशाला से इन मिठाइयों की जांच रिपोर्ट आएगी, तब तक मिलावटी माल लोगों की थालियों से होकर पेट में पच चुका होगा और त्यौहार बीत चुका होगा!

जांच की सुस्त प्रक्रिया का आलम यह है कि सैंपल की रिपोर्ट आने में कम से कम 10 दिन का समय लगता है। वहीं, दीपावली का त्यौहार सिर पर है। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि त्यौहार बीत जाने के बाद अगर रिपोर्ट में मिठाई जहरीली या अमानक पाई भी गई, तो विभाग किस पर और क्या कार्रवाई करेगा? तब तक तो आम जनता मिलावटी खोवा और रसायनयुक्त मिठाइयां खाकर बीमार पड़ चुकी होगी।

कागजी खानापूर्ति और मीडिया कवरेज तक सीमित अभियान

30 और 31 अक्टूबर को खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविकांत गुप्ता की टीम ने चिरमिरी के बीकानेर स्वीट्स (बेसन लड्डू, सोनपापड़ी), केरला होटल (चमचम), बिज्जू होटल (खोवा), राहुल मिष्ठान भंडार (खोवा, रसगुल्ला) और पटेल स्वीट्स (मगज लड्डू) से सैंपल एकत्र किए। इन नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है।

अधिकारियों का कहना है कि नियंत्रक दीपक अग्रवाल, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े और सीएमएचओ के निर्देश पर यह “सघन अभियान” चलाया जा रहा है। परंतु जमीनी हकीकत यह है कि यह अभियान शुद्धता सुनिश्चित करने से ज्यादा केवल कागजी खानापूर्ति और विभागीय रिपोर्ट चमकाने का जरिया बनकर रह गया है।

जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़, कौन होगा जिम्मेदार?

अगर विभाग सच में जनता को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना चाहता, तो त्यौहार से महीना भर पहले सघन जांच अभियान चलाया जाता या फिर मौके पर ही तत्काल जांच करने वाली मोबाइल लैब की व्यवस्था की जाती।

अब स्थिति यह है कि दुकानदार बेफिक्र होकर वही माल बेच रहे हैं और जनता इस मुगालते में है कि ‘विभाग की नजर है’। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने तक सारा स्टॉक खत्म हो चुका होगा और अधिकारियों के पास ‘कार्रवाई जारी है’ का रटा-रटाया जवाब तैयार रहेगा।

About The Author

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

Advertisement Box

RO No. 13820/1

लाइव क्रिकट स्कोर

Gold and Silver price

मौसम अपडेट

राशिफल

© 2026 Nayi Pahal News  – All rights reserved. | News Website Development Services | New Traffic tail