एसपी अंकिता शर्मा के नेतृत्व में राजनांदगांव पुलिस ने लिया असहायों की रक्षा और समाज से बुराई मिटाने का संकल्प
नई पहल न्यूज नेटवर्क। राजनांदगांव। असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय के महान पर्व विजयदशमी के पावन अवसर पर राजनांदगांव पुलिस विभाग द्वारा रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) में पारंपरिक एवं भव्य शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की गरिमामयी मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां शक्ति की आराधना की गई और आधुनिक व पारंपरिक शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन हुआ। इस दौरान एसपी अंकिता शर्मा ने स्वयं बंदूक से हवाई फायरिंग कर शस्त्र पूजा की वर्षों पुरानी परंपरा का निर्वहन किया। पुलिस विभाग ने संकल्प लिया कि इन शस्त्रों का प्रयोग सदैव आमजनों की सुरक्षा, असहायों की रक्षा और समाज से अपराध व बुराइयों का खात्मा करने के लिए ही किया जाएगा।
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दशहरे के अवसर पर राजनांदगांव के रक्षित केंद्र में शस्त्र पूजा का विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की उपस्थिति रही। एसपी अंकिता शर्मा ने पूरे विधि-विधान और निष्ठा के साथ मां भवानी की पूजा-अर्चना की और जिले की शांति, समृद्धि व कानून-व्यवस्था के सुदृढ़ संचालन की कामना की।
पूजन उपरांत एसपी अंकिता शर्मा ने उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए शस्त्रों के सही और न्यायसंगत उपयोग का संकल्प दिलाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का शस्त्र किसी निर्दोष के खिलाफ कभी नहीं उठेगा, बल्कि इसका उपयोग समाज में फैले अपराध और अपराधियों के विनाश के लिए होगा।

एसपी अंकिता शर्मा का बयान:
“प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दशहरा पर्व पर शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया है। मां भवानी से यही प्रार्थना है कि वे हमें इतनी शक्ति और विवेक दें कि हम समाज में व्याप्त तमाम बुराइयों, असत्य और अपराध को समाप्त कर सकें तथा आम जनता को भयमुक्त वातावरण प्रदान कर सकें।”
हवाई फायरिंग के साथ हुआ परंपरा का निर्वहन
शस्त्र पूजन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एसपी अंकिता शर्मा ने स्वयं बंदूक थामकर हवाई फायरिंग की और वर्षों से चली आ रही पुलिस परंपरा को निभाया। उनके साथ ही अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी हर्ष फायर कर विजयदशमी का पर्व मनाया।
यह आयोजन केवल रक्षित केंद्र तक ही सीमित नहीं रहा; एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशों पर जिले के समस्त थानों, चौकियों और पुलिस कैंपों में भी एक साथ शस्त्र पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर सहित जिले के तमाम राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और पुलिस के जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में राजनांदगांव पुलिस का अभूतपूर्व उत्साह और कर्तव्य के प्रति समर्पण साफ नजर आया।
About The Author










































