डोंगरगढ़ मेला व्यवस्था में मिली ऐतिहासिक सफलता; सुरक्षित व शांतिपूर्ण ड्यूटी संपन्न होने पर पुलिस बल ने आरती कर माँ के श्रीचरणों में जताया आभार
नई पहल न्यूज नेटवर्क। राजनांदगांव। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर जहाँ लाखों श्रद्धालुओं ने माँ बम्लेश्वरी के दर्शन कर पुण्य लाभ कमाया, वहीं दिन-रात मुस्तैद रहकर सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली राजनांदगांव पुलिस ने भी एक मिसाल पेश की है। नवरात्रि ड्यूटी के चुनौतीपूर्ण एवं सफल निर्वहन के उपरांत राजनांदगांव पुलिस और पुलिस बैंड ने पूरे श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ माँ बम्लेश्वरी मंदिर पहुंचकर विशेष आरती-अर्चना की और क्षेत्र की सुख, समृद्धि व शांति की कामना की।

शून्य दुर्घटना और शून्य अपराध का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
इस वर्ष का डोंगरगढ़ नवरात्रि मेला सुरक्षा और व्यवस्था के दृष्टिकोण से बेहद खास रहा। लाखों पदयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए पुलिस ने ‘शून्य दुर्घटना’ का नया कीर्तिमान स्थापित किया। मेले के दौरान किसी भी पदयात्री के साथ कोई दुर्घटना नहीं हुई और संपूर्ण मेला परिसर में किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना घटित नहीं हुई। सभी धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।

पुलिस बैंड के भक्तिमय सुरों से गूंजा मंदिर परिसर
आरती के विशेष अवसर पर राजनांदगांव पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत की गई भक्तिमय धुनों ने पूरे मंदिर प्रांगण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। खाकी वर्दी में तैनात जवानों के इस अनोखे और भक्तिमय रूप को देखकर श्रद्धालुओं में भी भारी उत्साह और श्रद्धा का संचार हुआ।
जनता के विश्वास और सहयोग का जताया आभार
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा की गई अभूतपूर्व और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था की श्रद्धालुओं एवं आम जनता ने मुक्त कंठ से सराहना की है। इस अपार जन-समर्थन और सराहना के लिए राजनांदगांव पुलिस ने सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया है। पुलिस अधिकारियों ने संकल्प दोहराया कि भविष्य में भी जनसेवा, सुरक्षा और धार्मिक आयोजनों के सुचारु संचालन के लिए राजनांदगांव पुलिस इसी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ सदैव तत्पर रहेगी।
About The Author










































