
आईबीसी 24 के पत्रकार तहसीन जैदी और लल्लूराम डॉट कॉम के पत्रकार शिवम मिश्रा के साथ आरोपियों ने की थी मारपीट
रायपुर। मेकाहारा अस्पताल में पत्रकारों के साथ मारपीट और धमकी देने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी से पिस्टल और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घटना 25 मई 2025 को हुई, जब आईबीसी 24 के पत्रकार तहसीन जैदी अपने कैमरामैन के साथ थाना उरला की एक घटना का कवरेज करने मेकाहारा अस्पताल गए थे। वहां अस्पताल के गार्ड जतीन ने उनके साथ गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की की, जिससे तहसीन को चोट आई। इस घटना की जानकारी प्रेस ग्रुप के व्हाट्सएप पर मिलने के बाद लल्लूराम डॉट कॉम के पत्रकार शिवम मिश्रा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां वसीम बाबू, सूरज राजपूत, मोहन राव गौरी और जतीन ने उनका रास्ता रोक लिया। वसीम बाबू ने पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी और सभी आरोपियों ने पत्रकारों के साथ मारपीट की।


दोनों घटनाओं की रिपोर्ट थाना मौदहापारा में दर्ज की गई। पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए वसीम अकरम उर्फ वसीम बाबू, सूरज राजपूत, मोहन राव गौरी और जतीन गंजीर को गिरफ्तार किया। वसीम अकरम के पास से एक पिस्टल और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपियों पर आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
About The Author










































