दिवंगत राजेश अवस्थी के अधूरे सपनों को पंख लगाने की तैयारी; दिग्गजों से मिलकर जताया आभार, छत्तीसगढ़ी सिनेमा के भविष्य पर हुआ बड़ा मंथन
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा (छालीवुड) को राष्ट्रीय पटल पर एक नई पहचान दिलाने के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की नवनियुक्त सदस्य प्रसन्ना राजेश अवस्थी ने काम की शुरुआत कर दी हैं। अपनी नियुक्ति के बाद उन्होंने प्रदेश के सियासी गलियारे के शीर्ष दिग्गजों से मुलाकात कर न सिर्फ आभार जताया, बल्कि छत्तीसगढ़ी फिल्मों के स्वर्णिम भविष्य का रोडमैप भी सामने रखा। प्रसन्ना राजेश अवस्थी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और संगठन महामंत्री पवन साय से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद किया।यह नियुक्ति छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत के लिए बेहद भावुक और महत्वपूर्ण है। प्रसन्ना राजेश अवस्थी, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम के प्रथम अध्यक्ष रहे दिवंगत राजेश अवस्थी की धर्मपत्नी हैं। राजेश अवस्थी ने ही राज्य में सिनेमाई विकास की नींव रखी थी। अब उनकी इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए प्रसन्ना अवस्थी कलाकारों के हितों और स्थानीय फिल्मों के संवर्धन के लिए काम करेंगी।


सिर्फ आभार नहीं, छालीवुड पर चर्चा
शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के दौरान प्रसन्ना अवस्थी ने छत्तीसगढ़ी फिल्मों के मौजूदा दौर, स्थानीय कलाकारों को मिलने वाले अवसरों और थियेटर्स की स्थिति को लेकर गंभीर चर्चा की। नेताओं ने भी उन्हें पूरा भरोसा दिलाया है कि सरकार छत्तीसगढ़ी कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए हर संभव कदम उठाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने उन्हें छत्तीसगढ़ी संस्कृति के संरक्षण पर मार्गदर्शन दिया, तो वहीं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से कलाकारों के हितों और नई फिल्म नीति पर चर्चा हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और संगठन महामंत्री पवन साय ने भी उन्हें बधाई देते हुए उज्जवल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
कलाकारों में हर्ष की लहर
प्रसन्ना राजेश अवस्थी की इस नियुक्ति से छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री (छालीवुड) के निर्देशकों, अभिनेताओं और तकनीशियनों में भारी उत्साह है। कला जगत का मानना है कि प्रसन्ना जी के आने से दिवंगत राजेश अवस्थी के वे सपने पूरे हो सकेंगे, जो छत्तीसगढ़ी सिनेमा को एक बड़े उद्योग के रूप में स्थापित करने के लिए देखे गए थे।
About The Author














