भाजयुमो का कांग्रेस पर करारा हमला: “जो संगठन अपने ही चुनाव में धांधली करे, उसे युवाओं के प्रतिनिधित्व का कोई नैतिक अधिकार नहीं
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने मुंगेली में युवा कांग्रेस के सांगठनिक चुनाव के दौरान उजागर हुए गंभीर फर्जी मतदान और रायपुर में सामने आई आपराधिक गतिविधियों को लेकर कांग्रेस संगठन पर तीखा हमला बोला है। श्री टिकरिहा ने कहा कि जो कांग्रेस पार्टी देशभर में लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देती नहीं थकती, वही पार्टी अपने ही आंतरिक चुनावों में लोकतांत्रिक मर्यादाओं की धज्जियां उड़ा रही है।
मुंगेली में मध्य प्रदेश से बुलाए गए बाहरी लोग, सर्किट हाउस में ठहराकर कराया फर्जी मतदान
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने मुंगेली चुनाव में हुए धांधली के खेल का खुलासा करते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए मध्य प्रदेश से दो युवतियों और सात युवकों को मुंगेली बुलाया गया। इन्हें नियम विरुद्ध सर्किट हाउस में ठहराकर अवैध तरीके से फर्जी वोटिंग कराई गई।
श्री टिकरिहा ने स्पष्ट किया कि इस फर्जीवाड़े की पोल किसी और ने नहीं, बल्कि कांग्रेस के अपने ही स्थानीय कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों ने खोली है। स्थानीय कांग्रेसियों द्वारा सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई शिकायत यह साबित करती है कि संगठन में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार और छल-कपट व्याप्त है। छत्तीसगढ़ के वास्तविक युवाओं के अधिकारों को छीनकर फर्जीवाड़े के दम पर पद हथियाने के इस षड्यंत्र ने कांग्रेस की असल कार्यप्रणाली को बेनकाब कर दिया है।
शराब तस्करी में पकड़ा गया नेता भी युवा कांग्रेस चुनाव में प्रत्याशी, अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप
राहुल टिकरिहा ने एक अन्य संगीन मामले को उजागर करते हुए बताया कि शुष्क दिवस (ड्राय-डे) के दिन प्लैटिनम बार में चोरी-छिपे शराब बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार हुआ आरोपी पलाश मल्होत्रा कोई साधारण व्यक्ति नहीं, बल्कि वर्तमान में रायपुर उत्तर युवा कांग्रेस का अध्यक्ष है। इसके साथ ही वह युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पद का प्रत्याशी भी है। उन्होंने कहा कि अपराधियों को संगठन में ऊंचे पदों से नवाजना कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है और यह घटना कांग्रेस के चरित्र को पूरी तरह प्रमाणित करती है।
कड़ी वैधानिक कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग
भाजयुमो ने मुंगेली पुलिस और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि:
- मुंगेली के सर्किट हाउस आवंटन प्रक्रिया की सूक्ष्म जांच की जाए।
- वहां ठहरे बाहरी व्यक्तियों की पहचान उजागर कर पूरे फर्जीवाड़े की गहराई से जांच हो।
- चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वाले मुख्य साजिशकर्ताओं और बाहरी तत्वों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
राहुल टिकरिहा ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था और लोकतांत्रिक मर्यादाओं से खिलवाड़ करने वाले ऐसे तत्वों को कानून का कड़ा सबक सिखाया जाना अत्यंत आवश्यक है।
About The Author









































