
साय सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में युवा नेतृत्व का दबदबा, युवाओं को मिला बड़ा प्रतिनिधित्व
रविकांत सिंह राजपूत। नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल विस्तार के साथ छत्तीसगढ़ की राजनीति में युवा नेतृत्व की चमक और बढ़ गई है। लक्ष्मी राजवाड़े जहां प्रदेश की सबसे युवा और इकलौती महिला मंत्री बनी हुई हैं, वहीं आज आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने शपथ लेकर राज्य के दूसरे सबसे युवा मंत्री के तौर पर जगह बनाई है।
लक्ष्मी राजवाड़े : सबसे युवा और इकलौती महिला मंत्री
10 नवंबर 1992 को जन्मीं लक्ष्मी राजवाड़े (उम्र 33 वर्ष) ने महिला एवं बाल विकास विभाग का कार्यभार संभाल रखा है। वे छत्तीसगढ़ की अब तक की सबसे युवा मंत्री होने का तमगा अपने नाम रखती हैं।
गुरु खुशवंत साहेब : नए मंत्री और दूसरा सबसे युवा चेहरा
गुरु खुशवंत साहेब (जन्म 27 मार्च 1989, उम्र 36 वर्ष) ने आज राजभवन में मंत्री पद की शपथ ली। अपनी साफ-सुथरी छवि और युवाओं से गहरे जुड़ाव के कारण उन्हें पार्टी ने कैबिनेट में शामिल कर एक बड़ा संदेश दिया है।
ओपी चौधरी : पहले से मंत्री, वित्त विभाग की जिम्मेदारी
पूर्व IAS अधिकारी ओपी चौधरी (जन्म 2 जून 1981, उम्र 44 वर्ष) पहले से ही मंत्रिमंडल का हिस्सा हैं और उन्हें वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक अनुभव और राजनीतिक सूझबूझ के चलते वे सरकार की आर्थिक दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
राजनीतिक संकेत
साय सरकार ने इस मंत्रिमंडल विस्तार से स्पष्ट संकेत दिया है कि भाजपा प्रदेश में युवाओं और महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपकर जनता के बीच नई ऊर्जा और भरोसे का माहौल बनाना चाहती है।

About The Author














