जल्द खुलेगा केंद्रीय विद्यालय, केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने दी हरी झंडी

नई पहल न्यूज नेटवर्क। बलरामपुर-रामानुजगंज। लंबे इंतज़ार के बाद रामानुजगंज को शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ा तोहफ़ा मिलने जा रहा है। प्रदेश के किसान कल्याण एवं आदिम जाति विकास मंत्री राम विचार नेताम ने दिल्ली प्रवास के दौरान सोमवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर रामानुजगंज में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग रखी। मंत्री नेताम ने बताया कि बलरामपुर-रामानुजगंज जिला जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र है और यहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए केंद्रीय विद्यालय की लंबे समय से मांग की जा रही है। इस पर केंद्रीय मंत्री प्रधान ने प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही रामानुजगंज में केंद्रीय विद्यालय खोलने का आश्वासन दिया।
क्षेत्र में खुशी की लहर
केंद्रीय विद्यालय की सौगात मिलने की खबर फैलते ही पूरे रामानुजगंज में हर्ष का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर आम नागरिकों तक, सभी इसे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए मील का पत्थर मान रहे हैं। लोग मानते हैं कि इससे बच्चों को उच्च स्तरीय शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और उन्हें बाहर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
लंबे संघर्ष का परिणाम
रामानुजगंज में केंद्रीय विद्यालय की मांग वर्षों से उठती रही है। कई बार प्रस्ताव रखे जाने के बावजूद यह सपना अधूरा रह गया था, लेकिन मंत्री राम विचार नेताम की पहल और सक्रिय प्रयासों ने इस दिशा में निर्णायक सफलता दिलाई है।
राम विचार नेताम ने कहा – “शिक्षा ही विकास की कुंजी है। रामानुजगंज में केंद्रीय विद्यालय खुलना यहां के बच्चों के लिए उज्ज्वल भविष्य की राह खोलेगा।”


About The Author














