कार्यालय की दीवार पर चस्पा करवाया पर्सनल मोबाइल नंबर भ्रष्टाचार रोकने की अनोखी कोशिश से बढ़ा लोगों का भरोसा शिकायत दर्ज करने के लिए हर सोमवार जनता से मिलेंगे SDM

नई पहल न्यूज नेटवर्क। कटघोरा। भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के लिए छत्तीसगढ़ कैडर के युवा IAS अधिकारी तनमय खन्ना ने एक अनोखी पहल शुरू की है। उन्होंने कटघोरा उपविभागीय अधिकारी (SDM) एवं दंडाधिकारी कार्यालय की दीवार पर सार्वजनिक रूप से एक अपील नोटिस चस्पा करवा दिया है, जिसमें साफ लिखा है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी/कर्मचारी अनावश्यक देरी करे या रिश्वत मांगे तो उसकी शिकायत सीधे उनसे की जा सकती है।
इस नोटिस में तनमय खन्ना ने अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर भी जारी किया है 8447895846, जिस पर कोई भी नागरिक कभी भी संपर्क कर सकता है। इसके अलावा हर सोमवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक वे व्यक्तिगत रूप से लोगों की शिकायतें सुनेंगे।
जनता का विश्वास बढ़ाने वाली पहल
इस तरह का कदम अब तक शायद ही किसी युवा IAS ने उठाया हो। आमतौर पर लोग भ्रष्टाचार की शिकायत करने से डरते हैं, लेकिन SDM तनमय खन्ना का यह कदम उन्हें सीधा और सुरक्षित मंच प्रदान करता है। इससे न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ेगी बल्कि जनता में भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता भी आएगी।
कौन हैं IAS तनमय खन्ना?
दिल्ली निवासी तनमय खन्ना का जन्म 8 जनवरी 1997 को हुआ। उन्होंने 2023 बैच में UPSC परीक्षा में 61वीं रैंक हासिल कर IAS का पद पाया। 31 जुलाई 2023 को उन्होंने सर्विस जॉइन की और लाल बहादुर शास्त्री प्रशासन अकादमी से ट्रेनिंग पूरी की। वर्तमान में वे कोरबा जिले के कटघोरा में अनुविभागीय अधिकारी एवं दंडाधिकारी के रूप में पदस्थ हैं।
नौकरशाही में पारदर्शिता और जवाबदेही की मिसाल
IAS तनमय खन्ना की यह पहल नौकरशाही में पारदर्शिता और जवाबदेही की मिसाल है। छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में, जहां भ्रष्टाचार की शिकायतें अक्सर सामने आती हैं, वहां इस तरह की कार्रवाई लोगों का प्रशासन पर भरोसा मजबूत करने वाली साबित होगी।


About The Author














