स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगे का अपमान : कांग्रेस बोली, देश की आन-बान-शान को कचरे में डालने वाली भाजपा देशभक्ति की बातें करना छोड़ दे
नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी रायपुर में तिरंगे का ऐसा अपमान सामने आया जिसने देशभक्तों का सिर शर्म से झुका दिया। शहर के एक इलाके में नगर निगम की कचरा गाड़ी में राष्ट्रीय ध्वज पड़ा हुआ मिला, जिसे कचरे के साथ ढोया जा रहा था। इस मामले पर कांग्रेस ने भाजपा पर सीधा हमला बोला है। कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा, “भाजपा कभी तिरंगे का सम्मान नहीं कर सकती। 52 साल तक भाजपा के पितृ संगठन आरएसएस ने तिरंगा नहीं फहराया, ऐसे में इनके राष्ट्रवाद और तिरंगे के सम्मान की बातें सिर्फ ढकोसला हैं।

धनंजय ने आगे कहा, “तिरंगे को कचरे में डालना और ढोना सिर्फ झंडे का ही नहीं, बल्कि उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का भी अपमान है, जिन्होंने इस तिरंगे की खातिर अपने प्राण न्योछावर कर दिए।” स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर नाराज़गी जताई। एक नागरिक ने कहा, “हम बच्चों को तिरंगे का सम्मान करना सिखाते हैं, लेकिन जब सरकार और प्रशासन ही इसे कचरे में डाल दें, तो देशभक्ति का पाठ कौन पढ़ाएगा?” कांग्रेस ने इस मामले की निंदा करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और नगर निगम से तत्काल माफी और कार्रवाई की मांग की है। वहीं, भाजपा ने अब तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।


About The Author














