102 महतारी एक्सप्रेस के जांबाज़ कर्मचारी नदी पार कर पहुंचे गर्भवती महिला तक, अस्पताल में हुआ बच्ची का जन्म
नई पहल न्यूज नेटवर्क। जगदलपुर। जहां सिस्टम की अव्यवस्थाएं आए दिन सुर्खियां बनती हैं, वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो उस सिस्टम में इंसानियत की रोशनी बनकर उभरते हैं। बस्तर जिले के बास्तानार ब्लॉक से एक ऐसी ही दिल को छू लेने वाली खबर सामने आई है, जिसने सभी को भावुक कर दिया। यह मामला ग्राम बड़े बोदेनार का है, जहाँ एक गर्भवती महिला लच्छो के प्रसव पीड़ा में होने की सूचना जैसे ही 102 महतारी एक्सप्रेस को मिली, वैसे ही ड्राइवर उमेश वेट्टी ने बिना समय गंवाए गांव की ओर रुख किया। लेकिन रास्ते में एक उफनती नदी उनकी राह में चुनौती बनकर खड़ी थी।
जोखिम भरा सफर, पर रुके नहीं “102” के सच्चे सिपाही

साधारण ड्राइवर नहीं, जान बचाने वाले फरिश्ते बनकर उभरे उमेश वेट्टी और उनकी टीम। बहाव तेज था, नदी ऊफान पर थी, लेकिन इरादा अडिग था। उमेश ने गांववालों की मदद से डोली बनाई और 2 किमी पैदल चलकर नदी पार की। महिला को सुरक्षित डोली में बिठाकर, उसी बहती नदी को पार कर एम्बुलेंस तक लाए। अस्पताल पहुँचने पर सीएचसी बड़े किलेपाल में महिला का सुरक्षित प्रसव हुआ और उसने लगभग 3 किलो वजन की एक स्वस्थ कन्या को जन्म दिया।

वीडियो बना भावुक करने वाला दस्तावेज
इस रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो अब वायरल हो चुका है, जिसे देखकर लोग 102 के कर्मचारियों को असली हीरो बता रहे हैं। परिजनों की आंखों में आंसू थे और दिल से “धन्यवाद” की गूंज सुनाई दी।
25 किमी का संघर्ष और सेवा का संकल्प
बास्तानार से बड़े बोदेनार की दूरी लगभग 25 किमी है। लेकिन सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा था 2 किमी का पैदल सफर और उफनती नदी की बाधा, जिसे ड्राइवर ने जान की परवाह किए बिना पार किया।
चालक की जितनी प्रशंसा की जाए, कम है
जगदलपुर महापौर संजय पांडे ने कहा – “बस्तर की तस्वीर बदल रही है, ऐसी घटनाएं उम्मीद जगाती हैं। उमेश वेट्टी जैसे कर्मचारी बस्तर का गौरव हैं।
जहां एंबुलेंस नहीं रुकी, वहां उम्मीद नहीं टूटी
यह सिर्फ एक मेडिकल सुविधा नहीं, बल्कि इंसानियत का जीवंत उदाहरण है। जहाँ मशीनों और सुविधाओं की कमी थी, वहां जज्बा, सेवा और मानवता की जीत हुई। 102 महतारी एक्सप्रेस के स्टाफ को सलाम, जिन्होंने साबित किया कि सरकार की योजनाएं तभी सफल हैं, जब फील्ड में ऐसे समर्पित लोग तैनात हों।


About The Author










































