नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत बोले, पिछली कमियां दूर होंगी, हाईकमान की नज़र में होगा सच्चा कार्यकर्ता है प्राथमिकता
नई पहल न्यूज नेटवर्क। जांजगीर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के बीच, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह और अपेक्षा जगाने वाला एक स्पष्ट संकेत दिया है। उन्होंने दो टूक कहा है कि अब संगठन में “केवल अपनों को बनाने” की पुरानी परिपाटी समाप्त होगी और वास्तविक रूप से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को ही मौका मिलेगा।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब पार्टी में नए सिरे से नियुक्तियों की प्रक्रिया चल रही है। डॉ. महंत, जिनकी पत्नी श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत कोरबा से सांसद हैं, ने जांजगीर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि संगठन में हुई पिछली कमियों को इस बार दूर किया जाएगा।
‘अपनों’ का दौर खत्म
डॉ. महंत ने स्वीकार किया कि पूर्व में संगठन में नियुक्ति करते समय कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय होता था। उन्होंने कहा:
”कभी-कभी हम लोग अपने-अपने लोगों को बना देते थे और बाकी लोग दरकिनार महसूस होते थे।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि इस बार इस प्रवृत्ति पर लगाम लगेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरी प्रक्रिया पर हाईकमान की पैनी नज़र होगी।
”इस बार ऐसा होगा कि उन सभी बातों पर हाईकमान की नज़र होगी। वहाँ से देखा जाएगा कि क्या यह सही है कि अपने हिसाब से बना दिया है? मुझे विश्वास है कि हम लोग अच्छे संगठन के काम करने वालों को चुनेंगे और इससे कांग्रेस का भविष्य बेहतर बनेगा।”
डॉ. महंत का यह बयान कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने वाला माना जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने स्वयं को लोकसभा क्षेत्र (कोरबा) के अंतर्गत आने वाले संगठनात्मक क्षेत्रों (चांपा, सक्ती, कोरिया, मनेन्द्रगढ़, पेंड्रा) की प्रक्रिया से पूरी तरह अलग कर लिया है, जो कांग्रेस पार्टी के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करता है।



About The Author














