अडानी के लिए जंगल उजाड़ रही सरकार, विरोध करने पर पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे को फंसाया गया !
नई पहल न्यूज नेटवर्क। बालोद | छत्तीसगढ़ की राजनीति में आज उस वक्त हलचल मच गई जब बालोद जिले के कुसुमकसा नेशनल हाईवे पर कांग्रेस ने जोरदार चक्काजाम करते हुए बीजेपी सरकार के खिलाफ तीखा हमला बोला। दो घंटे तक नेशनल हाईवे पूरी तरह जाम रहा, प्रशासन को वैकल्पिक मार्ग से यातायात संचालित करना पड़ा। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के तमाम नेता, कार्यकर्ता और विधायक शामिल रहे।
सरकार अडानी की गुलाम, आदिवासियों की संस्कृति पर हमला – अनिला भेड़िया

पूर्व मंत्री एवं डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेड़िया ने सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि महिला एवं बाल विकास के पोषण आहार से लेकर वनांचल के बच्चों के आश्रमों तक के बजट को सरकार महतारी वंदन योजना में झोंक रही है। उन्होंने तीखा आरोप लगाते हुए कहा, सरकार जंगल उजाड़कर अडानी की जेब भरने में लगी है। आदिवासियों को उनके जंगल से बेदखल कर उनकी संस्कृति मिटाने की साजिश की जा रही है। कांग्रेस इसका सड़क से लेकर सदन तक पुरजोर विरोध करेगी।

बेटे को फंसाकर राजनीति का स्तर गिराया गया – संगीता सिन्हा
संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, भाजपा और प्रवर्तन निदेशालय की मिलीभगत से कांग्रेस नेताओं को द्वेषपूर्ण तरीके से फंसाया जा रहा है। जब पिता से नहीं जीत पाए तो बेटे को निशाना बना लिया गया। यह राजनीति का पतन है। उन्होंने हसदेव और तमनार में जंगलों की अंधाधुंध कटाई को पर्यावरण और आदिवासी अस्तित्व के लिए खतरा बताया और कहा कि कांग्रेस इस हरकत का कड़ा विरोध करती रहेगी।
अडानी के विरोध का बदला चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी से – चंद्रेश हिरवानी
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने कहा, जब भी भूपेश बघेल जी अडानी के खिलाफ आवाज उठाते हैं, ईडी और सीबीआई की कार्रवाई शुरू हो जाती है। चैतन्य बघेल राजनीति में नहीं हैं, फिर भी उन्हें गिरफ्तार कर डराने की कोशिश की गई। यह दुर्भाग्यपूर्ण राजनीति है।


About The Author










































