कोरिया में शुरू हुआ महिला राजमिस्त्रियों का प्रशिक्षण, पीएम आवास को मिलेगी नई रफ़्तार, आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम
नई पहल न्यूज नेटवर्क। कोरिया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को गति देने अब जिले में महिलाएं भी राजमिस्त्री बनकर अपने हुनर का योगदान देंगी। जिले में 9,441 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें से 3,732 पूर्ण हो चुके हैं और 5,709 आवास निर्माणाधीन हैं। बड़ी संख्या में चल रहे निर्माण कार्य को देखते हुए जिला प्रशासन ने युवाओं के साथ-साथ महिलाओं को भी कौशल विकास प्रशिक्षण से जोड़ने की पहल शुरू की है।
महिलाओं को मिल रहा राजमिस्त्री प्रशिक्षण
कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के निर्देशन में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहला प्रशिक्षण बैच ग्राम पंचायत बुढार में 35 युवाओं को मिला। अब ग्राम पंचायत सरभोका में महिलाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र शुरू किया गया है। चयनित महिलाएं बिहान योजना के तहत स्व-सहायता समूहों से जुड़ी हुई हैं। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये महिलाएं सीधे प्रधानमंत्री आवास निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएंगी।

प्रशिक्षण की अवधि और निगरानी
प्रत्येक बैच को 1 माह का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
अब तक 35 युवा प्रशिक्षण पूरा कर एसेसमेंट पास कर चुके हैं।
प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर निगरानी के लिए सहायक परियोजना अधिकारी (मनरेगा), आवास योजना ग्रामीण के जिला समन्वयक और सहायक अभियंता को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आकस्मिक निरीक्षण और प्रतिभागियों से फीडबैक लेकर प्रशिक्षण को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
100 महिलाएं बनेंगी राजमिस्त्री
आरसेटी के शुरुआती चरण में 100 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
पहला बैच प्रशिक्षित होकर कार्य के लिए तैयार है।
अब महिलाओं का बैच प्रशिक्षण ले रहा है।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद एसेसमेंट व प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
गाँवों में आत्मनिर्भरता का माहौल
जिला पंचायत के सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि — प्रशिक्षित युवाओं की पहली टीम सोनहत क्षेत्र में आवास निर्माण कार्य को गति देगी। वहीं महिलाएं भी प्रशिक्षण पूरा कर जुड़ेंगी तो गांवों में आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का सकारात्मक माहौल बनेगा। यह पहल न सिर्फ़ प्रधानमंत्री आवास योजना को नई रफ़्तार देगी, बल्कि महिलाओं को भी आर्थिक मज़बूती और सामाजिक पहचान दिलाएगी।
About The Author














