आमजन के स्वास्थ्य के लिए बड़ी राहत जनऔषधि की कीमतों में कटौती पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने जताया प्रधानमंत्री मोदी का आभार

नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। केंद्र सरकार द्वारा 37 आवश्यक दवाओं की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक कटौती करने के ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रति आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस फैसले को प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और जनहितैषी सोच का प्रतीक बताया और कहा, “स्वस्थ भारत ही विकसित भारत की आधारशिला है।” उन्होंने कहा कि इस निर्णय से हृदय रोग, मधुमेह, संक्रमण, बुखार और दर्द जैसी बीमारियों से जूझ रहे लाखों मरीजों को सस्ती दवाएं मिलेंगी, जिससे उनके जीवन पर आर्थिक बोझ कम होगा। उन्होंने बताया कि अब पैरासिटामोल, एटोरवास्टेटिन, एमोक्सिसिलिन जैसी दवाएं और अधिक सुलभ और किफायती होंगी, जिसका सीधा लाभ ग्रामीण, आदिवासी, किसान, श्रमिक, महिला और बुजुर्गों को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार, प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के तहत राज्य में ज्यादा से ज्यादा केंद्रों की स्थापना और आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी संचालन हेतु सतत रूप से प्रतिबद्ध है।
स्वास्थ्य सेवा प्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी : श्यामबिहारी जायसवाल

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि दवाओं की कीमतों में कटौती का निर्णय छत्तीसगढ़ जैसे राज्य के लिए अत्यंत उपयोगी है, जहां बड़ी आबादी ग्रामीण और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों में आती है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवा प्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी।


About The Author










































