तर्रेम में नक्सलियों की बर्बरता – रात के सन्नाटे में दो जिंदगियां छीनीं
नई पहल न्यूज नेटवर्क। बीजापुर | छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों की कायराना करतूत ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। तर्रेम थाना क्षेत्र के ग्राम छुटवाई और बड़ा तर्रेम में दो निर्दोष ग्रामीणों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान छुटवाई निवासी कवासी जोगा (55 वर्ष) और बड़ा तर्रेम निवासी मंगलू कुरसम (50 वर्ष) के रूप में हुई है।

यह खौफनाक वारदात 20 और 21 जुलाई की दरम्यानी रात की है, जब 4 से 5 की संख्या में अज्ञात नक्सली हथियारों से लैस होकर गांव में पहुंचे और दोनों ग्रामीणों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नक्सलियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। ग्रामीण अब भय और असुरक्षा की भावना में जीने को मजबूर हैं।थाना तर्रेम द्वारा घटना की पुष्टि की गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है, वहीं वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
प्रशासन ने विस्तृत जानकारी आने तक सतर्कता बरतने और ग्रामीणों को सहयोग करने की अपील की है। यह घटना बताती है कि नक्सलियों का चेहरा चाहे जो भी दिखे, उनकी मानसिकता अब भी हिंसा और खून-खराबे से ही भरी है। यह घटना सिर्फ दो लोगों की हत्या नहीं, बल्कि पूरे समाज के भरोसे पर हमला है।

#बीजापुर #नक्सलहिंसा #तर्रेम #ग्रामीणहत्या #BreakingNews #छत्तीसगढ़नक्सल


About The Author










































