सुबह-सुबह अस्पताल पहुंच गए मंत्री जी ! डीकेएस अस्पताल का औचक निरीक्षण, मरीजों से संवाद, सुविधाओं की जमीनी हकीकत

नई पहल न्यूज नेटवर्क। रायपुर। “सेवा ही संकल्प” के ध्येय वाक्य को आत्मसात करते हुए छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बुधवार सुबह राजधानी रायपुर स्थित डीकेएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का आकस्मिक दौरा किया।बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे मंत्री ने सीधे अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों से संवाद किया, उनकी स्थिति जानी और अस्पताल में मिल रही इलाज, दवा, जांच और सुविधा व्यवस्था को लेकर विस्तार से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने वार्ड व्यवस्था, ऑपरेशन थियेटर की स्थिति, दवा वितरण केंद्र, लैब जांच व्यवस्था और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया और कई सुधारात्मक निर्देश मौके पर ही जारी किए।

मरीज के साथ सहानुभूति और सेवा भाव जरूरी

मंत्री जायसवाल ने अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों और स्टाफ को निर्देशित करते हुए कहा कि, मरीजों की सेवा केवल ड्यूटी नहीं, एक संवेदनशील जिम्मेदारी है। हर मरीज के साथ सहानुभूति और सेवा भाव जरूरी है। गौरतलब है कि श्यामबिहारी जायसवाल इससे पहले भी राजधानी के कई अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर चुके हैं। उनकी कार्यशैली में सुबह-सुबह अस्पतालों की हकीकत जानने की पहल को अब एक अनुकरणीय परंपरा के रूप में देखा जा रहा है।निरीक्षण के अंत में उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि हर मरीज को समय पर इलाज, जांच और दवा उपलब्ध हो, और किसी को अनावश्यक भटकना न पड़े।


About The Author










































