गांव की दुकान में अकेली थी महिला, “राजश्री दो” बोलते ही किया वारदात, बढ़ती घटनाओं से सहमे लोग
नई पहल न्यूज नेटवर्क । कोरबा। हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम उतरदा में बुधवार को एक किराना दुकान में घुसे युवक ने ‘राजश्री दो’ कहते हुए महिला के गले से सोने की चैन झपट ली और साथी युवक के साथ बाइक में बैठकर फरार हो गया। वारदात दोपहर करीब 12 बजे की है जब दुकान में अकेली मौजूद महिला संचालक कुंजमती पटेल ग्राहकों की सेवा कर रही थीं। एक युवक सूट-बूट और काले चश्मे में ग्राहक बनकर दुकान में घुसा और राजश्री गुटखा मांगा। जैसे ही महिला ने हाथ बढ़ाया, उसने झपट्टा मारकर सोने की चैन खींच ली। पूरा घटनाक्रम दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।


घटनाएं बढ़ीं, डर का माहौल

इस क्षेत्र में चोरी और स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में हनुमान मंदिर, बस स्टैंड और बाजार क्षेत्र में मोबाइल व पर्स चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। साप्ताहिक बाजारों में भी पॉकेटमारी आम हो गई है।
देरी से दी गई सूचना, CCTV से तलाश जारी
पीड़ित महिला द्वारा पुलिस को घटना की जानकारी करीब दो घंटे बाद दी गई, जिसके बाद हरदी बाजार पुलिस ने सक्रियता दिखाई और दुकानों व सड़कों के CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आरोपियों की तलाश में सरहदी थाना चौकियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
स्थानीय जनता में रोष
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के चलते ग्रामीणों में गुस्सा और डर दोनों है। लोग मांग कर रहे हैं कि पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
About The Author










































