गरबा-डांडिया, खेल प्रतियोगिता और डांडिया क्वीन चयन से गूंजा रविंद्र भवन

नई पहल न्यूज नेटवर्क। बिलासपुर। नवरात्रि पर्व का उत्साह और उमंग श्रद्धा महिला मंडल के भव्य आयोजन में साफ झलकता दिखाई दिया। वसंत विहार स्थित रविंद्र भवन में महिला संविदा कर्मियों के सम्मान एवं उत्सव को समर्पित नवरात्रि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन और उपाध्यक्षाओं के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में नेहरू शताब्दी, वसंत विहार एवं इंद्रा विहार कॉलोनी की लगभग 80 महिला संविदा कर्मियों ने सहभागिता की।
माँ दुर्गा की भक्ति से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत माँ दुर्गा की आराधना और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात अतिथि बहनों ने भक्ति भाव से देवी गीत प्रस्तुत किए, जिनकी मधुर ध्वनि से पूरा सभागार भक्तिमय हो उठा। श्रद्धा और आस्था का यह माहौल हर उपस्थित जन के मन में ऊर्जा भर गया।
गरबा-डांडिया ने बांधा समां
नवरात्रि का उत्सव बिना गरबा और डांडिया के अधूरा माना जाता है। संविदा कर्मियों ने उत्साह और उमंग के साथ डांडिया की प्रस्तुति दी। उनकी तालबद्ध थाप और रंग-बिरंगे परिधानों ने पूरे वातावरण को जीवंत कर दिया।

खेल प्रतियोगिताएँ और ‘डांडिया क्वीन’ का ताज
मनोरंजन और ऊर्जा से भरे इस कार्यक्रम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इनमें महिला कर्मियों ने पूरे उत्साह से भाग लिया। विशेष आकर्षण रही ‘डांडिया क्वीन’ प्रतियोगिता, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी कला और जोश से सबका दिल जीत लिया। निर्णायकों ने तीन विजेताओं को ‘डांडिया क्वीन’ घोषित किया।
सम्मान और कृतज्ञता का पल
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन के साथ उपाध्यक्षाएँ इपि्सता दास, विनीता जैन एवं सुभश्री महापात्रा ने सभी संविदा कर्मियों को उपहार स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट किए। इस अवसर पर शशि दुहन ने कहा कि, महिला संविदा कर्मियों का समर्पण और परिश्रम ही हमारी असली शक्ति है। उनका योगदान अमूल्य है और उन्हें सम्मानित करना हमारा दायित्व है।
संविदा कर्मियों का आभार
इस आयोजन से अभिभूत महिला संविदा कर्मियों ने भी श्रद्धा महिला मंडल का आभार प्रकट किया और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम उन्हें प्रोत्साहन, ऊर्जा और आत्मबल प्रदान करते हैं।
मिलकर बनाया सफल
श्रद्धा महिला मंडल की कमेटी की सदस्याओं सहित अन्य महिला सदस्यगण भी उपस्थित रहीं। सभी के सामूहिक सहयोग से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा और नवरात्रि उत्सव की स्मृतियों में हमेशा यादगार बन गया।

About The Author














